भागलपुर मेें पप्पू यादव ने बंद की मुफ्त नाव सेवा, सरकार व कंपनी पर उठाये सवाल

Bhagalpur News : विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद हजारों लोगों के लिए सहारा बनी मुफ्त नाव सेवा अब बंद होगी. सांसद पप्पू यादव ने सेवा रोकने का ऐलान करते हुए सरकार और निर्माण कंपनी पर तीखा हमला बोला है.

नवगछिया, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद Rajesh Ranjan ने नवगछिया और भागलपुर के बीच शुरू की गई निःशुल्क नाव सेवा को फिलहाल बंद करने की घोषणा की है. विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद आम लोगों की परेशानी को देखते हुए यह सेवा शुरू की गई थी. अब बेली ब्रिज को पैदल और बाइक चालकों के लिए जल्द खोलने की तैयारी के बीच सांसद ने यह फैसला लिया है.

विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद शुरू हुई थी सेवा

सांसद पप्पू यादव ने फेसबुक पोस्ट के जरिए बताया कि 4 मई को विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद नवगछिया और भागलपुर के बीच आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया था. इससे हजारों छात्र, किसान, मजदूर, महिलाएं और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.

“जनप्रतिनिधि नहीं, परिवार के सदस्य की तरह किया काम”

पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने उस मुश्किल समय में केवल जनप्रतिनिधि की भूमिका नहीं निभाई, बल्कि एक सेवक और परिवार के सदस्य की तरह लोगों की पीड़ा को महसूस किया. इसी भावना के तहत 17 मई 2026 से पांच निःशुल्क नावों का परिचालन शुरू कराया गया ताकि लोगों की पढ़ाई, रोजगार, इलाज और जरूरी काम प्रभावित न हों.

बेली ब्रिज शुरू होने की तैयारी के बाद लिया फैसला

सांसद ने कहा कि अब उन्हें जानकारी मिली है कि विक्रमशिला सेतु पर बनाए जा रहे बेली ब्रिज को जल्द ही पैदल यात्रियों और बाइक चालकों के लिए खोल दिया जाएगा. इसके बाद लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. इसी को देखते हुए फिलहाल मुफ्त नाव सेवा पर विराम लगाने का निर्णय लिया गया है.

नाविकों और सहयोगियों का जताया आभार

अपने संदेश में पप्पू यादव ने नाविकों, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह जनसेवा अभियान सफल हो सका. सांसद ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में यदि दोबारा जरूरत पड़ी तो बिना किसी संकोच के फिर से नाव सेवा शुरू की जाएगी.

सरकार और निर्माण कंपनी “सिंगला” पर साधा निशाना

इस दौरान सांसद ने सरकार और निर्माण कंपनी “सिंगला” पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई से चलने वाली निर्माण कंपनी और सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही. इसके बावजूद उन्होंने कहा कि जनसेवा का धर्म किसी पद या अधिकार का मोहताज नहीं होता.

“जनता का आशीर्वाद रहा तो हर संकट में साथ रहेंगे”

अपने संदेश के अंत में सांसद ने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि जब तक लोगों का विश्वास और आशीर्वाद उनके साथ है, तब तक वह हर संकट में जनता के साथ खड़े रहेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >