खंजरपुर में घर पर गिरा ताड़ का पेड़, मलबे में दबकर युवक की मौत

Bhagalpur News : भागलपुर के खंजरपुर में एक पल में खुशियां मातम में बदल गईं. तेज आवाज के साथ विशाल ताड़ का पेड़ घर पर आ गिरा और मलबे में दबकर एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया.

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट

भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र स्थित खंजरपुर दुर्गा स्थान के पास झोपड़पट्टी इलाके में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया. अचानक एक विशाल ताड़ का पेड़ घर पर गिर पड़ा, जिससे मलबे में दबकर 45 वर्षीय नकुल यादव की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

अचानक दो तेज आवाज और फिर मच गई चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त परिवार के सदस्य घर के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद थे. तभी अचानक दो बार जोरदार कड़कड़ाहट जैसी आवाज सुनाई दी और कुछ ही सेकेंड में विशाल ताड़ का पेड़ सीधे घर के छप्पर पर आ गिरा. पेड़ के भारी वजन से पूरा छप्पर टूटकर अंदर गिर गया.मलबे के नीचे दबे नकुल यादव को संभलने का मौका तक नहीं मिला. हादसे के बाद परिवार के लोग चीखते-चिल्लाते हुए बाहर निकले और आसपास के लोग भी मौके पर दौड़ पड़े.

मौके पर ही चली गई जान

परिजनों ने बताया कि जब तक स्थानीय लोग मलबा हटाकर नकुल यादव तक पहुंचते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है.

चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक नकुल यादव मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. उनकी मौत के बाद पत्नी और चार छोटे बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है, जिनकी जिम्मेदारी अब पूरी तरह मां के कंधों पर आ गई है.घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई पुराने और जर्जर पेड़ मौजूद हैं, जो तेज हवा और बारिश के दौरान खतरा बन सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >