भागलपुर में ऐतिहासिक शुरुआत: आज से राष्ट्रीय पैरा शतरंज का महामुकाबला, एक ही मंच पर दिव्यांग और गैर-दिव्यांग खिलाड़ी दिखाएंगे दम

भागलपुर में 21वीं राष्ट्रीय पैरा शतरंज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन हो रहा है. खास बात यह है कि इसमें दिव्यांग और गैर-दिव्यांग खिलाड़ी एक साथ हिस्सा लेंगे, जो समावेश और समानता का संदेश देगा.

भागलपुर. बिहार में पहली बार पैरा शतरंज को बड़े स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में 21वीं राष्ट्रीय पैरा शतरंज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन शनिवार से भागलपुर में शुरू होगा. दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता पांच और छह सितंबर को मरवाड़ी कॉलेज, यूनिवर्सिटी रोड, भागलपुर में आयोजित की जायेगी. प्रतियोगिता बिहार पैरालंपिक कमेटी के तत्वावधान में होगी, जबकि मरवाड़ी कॉलेज, भागलपुर और भागलपुर जिला शतरंज संघ बीडीसीए सहयोगी की भूमिका में रहेंगे.

देशभर से भागलुकर पहुंच रहे खिलाड़ी

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ी भागलपुर पहुंच रहे हैं. आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें शतरंज के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देना है.

दिव्यांग और गैर-दिव्यांग खिलाड़ी एक ही मंच पर खेलेंगे

प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह है कि इसमें दिव्यांग खिलाड़ियों के साथ गैर-दिव्यांग खिलाड़ी भी हिस्सा ले सकेंगे. इस तरह प्रतियोगिता को पैरा एवं यूनिफाइड चेस की भावना के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है.

आयोजकों के अनुसार दिव्यांग और गैर-दिव्यांग खिलाड़ियों के एक साथ खेलने से आपसी सहभागिता, समानता और समावेश का संदेश जायेगा. शतरंज को केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि समान अवसर और सामाजिक समावेश का मंच बनाने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रतिभा को अवसर देने पर जोर

आयोजकों ने कहा कि प्रतिभा किसी शारीरिक क्षमता की मोहताज नहीं होती. उचित अवसर मिलने पर दिव्यांग खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. प्रतियोगिता के माध्यम से बिहार में पैरा शतरंज को नयी पहचान देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराने की उम्मीद है.

सुबह 10 बजे रिपोर्टिंग, 10:30 बजे शुरू होगा पहला राउंड

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 10 बजे निर्धारित किया गया है. पहले राउंड का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे होगा. मुकाबले 30 मिनट तथा प्रत्येक चाल पर 10 सेकंड की वृद्धि के समय नियंत्रण के साथ खेले जायेंगे.

अंकित कुमार मिश्रा होंगे मुख्य निर्णायक

प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक सीनियर नेशनल आर्बिटर अंकित कुमार मिश्रा होंगे. आयोजन को लेकर भागलपुर जिला शतरंज संघ की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं.

बिहार के खिलाड़ियों के लिए खुलेगा नया मंच

भागलपुर जिला शतरंज संघ ने कहा कि इस प्रतियोगिता से बिहार में पैरा शतरंज को नयी पहचान मिलने की उम्मीद है. आयोजन के माध्यम से दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा परखने का अवसर मिलेगा. संघ को उम्मीद है कि भविष्य में बिहार से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार राव

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >