नाथनगर में 60 घंटे बाद भी नहीं आयी बिजली, लोगों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

Bhagalpur News : नाथनगर में आंधी-तूफान के बाद 60 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद बिजली बहाल नहीं होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने अनाथालय रोड को जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.

नाथनगर, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट

Bhagalpur News : मंगलवार देर रात आये तेज आंधी-तूफान में नाथनगर इलाके में कई पेड़ और बिजली के पोल गिर गए थे, जिससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गयी. गुरुवार तक भी बिजली बहाल नहीं होने और सड़क पर गिरे पोल को नहीं हटाए जाने से रामपुर खुर्द इलाके के लोग सड़क पर उतर आए.

अनाथालय रोड जाम कर किया विरोध

आक्रोशित लोगों ने अनाथालय रोड स्थित रेलवे अंडरपास पुल को पेड़ों की झाड़ियों से बंद कर पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई.स्थानीय लोगों का कहना था कि जिला प्रशासन और विभाग बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी सड़क पर गिरे बिजली पोल को नहीं हटाया जा सका है.

आधी आबादी बिजली और पानी के संकट से परेशान

लोगों ने बताया कि नाथनगर के दक्षिणी क्षेत्र में 60 घंटे से अधिक समय से बिजली गुल है. इसके कारण मोबाइल, इनवर्टर और फ्रीज पूरी तरह बंद पड़े हैं. भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है.ग्रामीणों का कहना है कि सबसे बड़ी समस्या पानी की हो गई है. जिन इलाकों में समरसेबल है वहां जनरेटर के सहारे पानी निकाला जा रहा है, लेकिन इसके लिए लोगों से भारी रकम वसूली जा रही है.

पानी के लिए भी लोगों को चुकानी पड़ रही भारी कीमत

स्थानीय लोगों के अनुसार एक हजार लीटर पानी की टंकी भरने के लिए 300 से 500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं. जिन घरों में समरसेबल नहीं है, उन्हें पैसे देने के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. लोग किसी तरह इधर-उधर से पानी की व्यवस्था कर अपना काम चला रहे हैं.

विभाग पर फोन नहीं उठाने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के नंबरों पर लगातार संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन न तो विभाग बिजली बहाल कर रहा है और न ही लोगों के फोन का जवाब दिया जा रहा है.

समाजसेवियों पर भी भड़का लोगों का गुस्सा

बिजली संकट से परेशान लोगों ने कुछ समाजसेवियों पर भी नाराजगी जताई. लोगों का कहना था कि राहत सामग्री बांटकर फोटो खिंचाने वाले लोग अब इस बड़ी समस्या में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं.ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे लोगों को सड़क पर गिरे पोल और पेड़ हटाने, बिजली बहाल कराने और लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए था, लेकिन वे केवल प्रचार तक सीमित हैं.

पुलिस लोगों को समझाने में जुटी

सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मी लोगों को समझाने-बुझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >