नवगछिया नप की सशक्त स्थायी समिति चुनाव में पुराने तीनों सदस्य फिर जीते
Bhagalpur News : नवगछिया नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के चुनाव में एक बार फिर पुराने चेहरों पर पार्षदों ने भरोसा जताया. शांतिपूर्ण मतदान के बाद पूर्व के तीनों सदस्य दोबारा निर्वाचित हुए.
नवगछिया, भागलपुर से अंजनी कुमार कश्यप की रिपोर्ट
Bhagalpur News : नवगछिया नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराया गया. मतदान प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हुई, जिसमें नगर परिषद के कुल 26 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतगणना के बाद तीनों विजयी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गयी.
रंजीत भगत ने दर्ज की बड़ी जीत
चुनाव में वार्ड संख्या 24 के पार्षद रंजीत भगत उर्फ मुन्ना भगत ने शानदार जीत दर्ज की.उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी सुषमा देवी को 10 मतों से पराजित किया. रंजीत भगत को कुल 18 मत प्राप्त हुए, जबकि सुषमा देवी को 8 वोट मिले.
नागेश्वर सिंह और ज्ञान सागर भी फिर बने सदस्य
सशक्त स्थायी समिति के दूसरे सदस्य के रूप में नागेश्वर सिंह ने जीत हासिल की.उन्हें 16 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अभिनंदन को 9 वोट मिले.वहीं तीसरे सदस्य के चुनाव में ज्ञान सागर ने भी 16 मत हासिल कर जीत दर्ज की. उनके विपक्षी रवि मंडल को 9 मत प्राप्त हुए.इस तरह पूर्व से समिति में शामिल तीनों सदस्य एक बार फिर चुनाव जीतने में सफल रहे.
एसडीओ की देखरेख में संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया
जिलाधिकारी के आदेश के आलोक में नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम ने निर्वाची पदाधिकारी के रूप में पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न करायी.मतदान और मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराये जाने पर प्रशासन ने संतोष जताया.
जीत के बाद समर्थकों में खुशी
परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया.समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी और जीत का जश्न मनाया.
नगर प्रशासन में अहम भूमिका निभाती है समिति
नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति नगर प्रशासन के महत्वपूर्ण निर्णयों में अहम भूमिका निभाती है.इसी कारण समिति के गठन को लेकर पार्षदों के बीच काफी उत्साह और राजनीतिक सक्रियता देखने को मिली.