– 11 मार्च को जीआरपी व आरपीएफ ने नाढ़ा मियां सहित चार अपराधियों के घर की थी छापेमारी
भागलपुर आ रही सूरत एक्सप्रेस से नौ मार्च को महिला यात्री से चेन छीनने के मामले में शनिवार को जीआरपी व आरपीएफ ने कुख्यात नाढ़ा मियां गिरोह के सदस्य जिम्मी को गिरफ्तार किया है. उसकी गिरफ्तारी रात सात बजे के करीब रेलवे एलसी गेट के पास हुई. रेल यात्रियों से छिनतई मामले नाढ़ा सहित उसके गिरोह के 12 सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी व आरपीएफ लगातार प्रयास में लगी हुई है. सरगना नाढ़ा मियां के महाराष्ट्र के नागपुर में छिपे रहने की सूचना है. जीआरपी थानाध्यक्ष नसीम अहमद ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के छापेमारी की जा रही है .छिनतई मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जमालपुर एसआरपी विद्यासागर के नेतृत्व में आरपीएफ व जीआरपी की टीम ने 11 मार्च बुधवार को संयुक्त छापेमारी कर कुख्यात अपराधी मो. नाड़ा व उसके गुर्गे मो. जलाल, मो. लालबाबू, मो. कलीम के घर छापेमारी कर भारी मात्रा में असलहा, रामपूरी चाकू, काफी संख्या में मोबाइल, आधार कार्ड, सोने-चांदी के लाखों रुपये के गहने व तीन ट्रॉली बैग बरामद किया था. दो महिलाओं की गिरफ्तारी भी हुई थी. कुख्यात नाड़ा सहित गिरोह के 12 सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
शनिवार को एलसी गेट के पास देर शाम नाढ़ा मियां गिरोह के जिम्मी को गिरफ्तार किया गया है. नाढ़ा मियां की गिरफ्तार के लिए टीम नागपुर जायेगी. नसीम अहमद, थानाध्यक्ष, जीआरपी, भागलपुर.
