NH-80 की बदहाली से मिर्जाचौकी बेहाल, 2-3 फीट गड्ढों में फंसी बिहार-झारखंड की लाइफलाइन

NH 80 Road Condition : एनएच-80 की जर्जर हालत ने मिर्जाचौकी के पास बिहार और झारखंड की लाइफलाइन को बदहाल कर दिया है. दो से तीन फीट गहरे गड्ढों में जमा पानी और कीचड़ के कारण हजारों लोगों और स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ गई है. क्षेत्र के करोड़ों रुपये के पत्थर कारोबार पर भी गहरा असर पड़ा है.

NH 80 Road Condition : बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित कहलगांव के मिर्जाचौकी के पास एनएच-80 की स्थिति बेहद जर्जर हो गई है. निर्माण कंपनी की लापरवाही और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की उदासीनता के कारण सड़क जगह-जगह दलदल में बदल चुकी है. सड़क पर दो से तीन फीट गहरे गड्ढों में बारिश का पानी और कीचड़ जमा होने से आवागमन बेहद कठिन हो गया है.

हजारों लोगों और स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

यह सड़क साहिबगंज, मिर्जाचौकी बाजार, रेलवे स्टेशन, मंडरो, भगैया और भागलपुर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है. इसी रास्ते से प्रतिदिन हजारों लोग आवाजाही करते हैं. स्थानीय दुकानदार दिलीप के अनुसार, रोजाना करीब 5 हजार लोग और 200 से अधिक स्कूली बच्चे इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. स्थानीय महिला ममता ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण बच्चों को स्कूल भेजने में डर लगता है. हाल ही में गड्ढे में भरे पानी के कारण फिसलकर एक बच्चा घायल भी हो गया.

पत्थर कारोबार पर भी पड़ा असर

मिर्जाचौकी, मंडरो और भगैया क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में गिट्टी लदे ट्रक बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के लिए रवाना होते हैं. लेकिन सड़क पर बने गहरे गड्ढों और कीचड़ के कारण ट्रक अक्सर फंस रहे हैं. इससे परिवहन लागत बढ़ने के साथ-साथ क्षेत्र के करोड़ों रुपये के पत्थर कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यह सड़क पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है.

प्रशासनिक जिम्मेदारी बनी उलझन

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल झारखंड के साहिबगंज जिले में पड़ता है, जबकि सड़क की देखरेख की जिम्मेदारी राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, भागलपुर के पास है. इसी प्रशासनिक उलझन के कारण मरम्मत कार्य समय पर नहीं हो पा रहा है. लोगों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है.

ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत की मांग

मिर्जाचौकी के लोगों ने एनएचएआई भागलपुर और साहिबगंज जिला प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा अधूरा काम छोड़ने वाली निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो मानसून के दौरान यह महत्वपूर्ण मार्ग पूरी तरह बाधित हो सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >