Bhagalpur news सुलतानगंज में मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश

पुलिस ने सुलतानगंज थाना क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर काफी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित अवैध हथियार बरामद की है.

पुलिस ने सुलतानगंज थाना क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर काफी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित अवैध हथियार बरामद की है. सुलतानगंज पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा कर अवैध हथियार निर्माण के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. स्थनडीह गांव में एक घर के भीतर बने गुप्त तहखाने में बड़े पैमाने पर देसी हथियार तैयार किये जा रहे थे. पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को हथियार बनाते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. इसे पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. आशंका जतायी जा रही है कि यहां तैयार हथियार अपराधियों को सप्लाई की जा रही थी. पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गयी है.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

मंगलवार को सुलतानगंज थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशिक्षु सहायक एसपी सह थानाध्यक्ष सायम राजा ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि स्थनडीह गांव में अवैध हथियारों का निर्माण हो रहा है. सूचना मिलते ही नगर एसपी के निर्देशन में एएसपी सायम राजा और पुलिस उपाधीक्षक नवनीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गयी. पुलिस टीम ने स्थनडीह वार्ड 12 के स्व फेकन मंडल के पुत्र मुकेश कुमार मंडल के घर को चारों ओर से घेर लिया. तलाशी में घर के भीतर बने तहखाने से अवैध हथियार निर्माण का पूरा सेटअप मिला.

तहखाने में चल रही थी हथियार फैक्ट्री

पुलिस जब तहखाने में पहुंची, तो आरोपित हथियार तैयार करने में जुटा था. मौके से निर्मित और अर्धनिर्मित हथियारों के साथ हथियार बनाने वाली कई मशीनें और उपकरण बरामद किये गये. बरामद सामान से स्पष्ट है कि यहां लंबे समय से हथियार निर्माण का काम चल रहा था.

पुलिस ने बरामद की :

-24 इंच बैरल वाला एक देसी मास्केट

– छह इंच का एक देसी पिस्तौल

-एक जिंदा कारतूस

• एक खोखा और दो पिलेट

• पांच अर्धनिर्मित देसी पिस्तौल

• एक अर्धनिर्मित बैरल

• 12 अर्धनिर्मित बड़े बैरल (24 इंच)

• ड्रिल मशीन

• बेंच वाइस मशीन

• लोहे को गर्म करने की भट्ठी

• रेती, पिलास, स्प्रिंग कमानी, स्केल सहित अन्य उपकरण

बड़े नेटवर्क की आशंका, छानबीन में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित मूल रूप से खगड़िया जिले मानसी थाना क्षेत्र के राजाजान गांव का रहने वाला है. शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले तीन-चार वर्षों से सुलतानगंज में रह रहा था. एएसपी ने कहा कि जिस पैमाने पर हथियार बनाये जा रहे थे, उससे स्पष्ट है कि इसके पीछे बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है. हथियारों की सप्लाई कहां और किन लोगों तक हो रही थी, इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है. पूछताछ में जिन लोगों के नाम सामने आयेंगे, उन पर कार्रवाई की जायेगी. पुलिस अपराधियों और हथियार कारोबारियों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में काम कर रही है. मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. स्थानीय लोग भी यह जानकर हैरान हैं कि गांव के एक घर के तहखाने में अवैध हथियार बनाने का कारोबार चल रहा था.

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

कार्रवाई में प्रशिक्षु एएसपी सह थानाध्यक्ष सायम राजा, डीएसपी नवनीत कुमार, पुलिस निरीक्षक मृत्युंजय कुमार, अवर निरीक्षक विष्णुदेव कुमार, रौशन कुमार, प्रियंका कुमारी, अनुज कुमार, कपिलदेव यादव सहित थाना के सशस्त्र बल रोहित कुमार,अमर कुमार शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >