Bhagalpur Railway News: पूर्व मध्य रेल में जारी नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के कारण रेलवे ने कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया है. अगर आप भी आने वाले दिनों में हावड़ा, देहरादून, गोरखपुर, संबलपुर, भागलपुर या पटना की तरफ रेल यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का बदला हुआ रूट जरूर जांच लें. रेलवे प्रशासन ने कुंभ एक्सप्रेस, उपासना एक्सप्रेस और मौर्य एक्सप्रेस समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को उनके तय और मौजूदा डायवर्टेड रूट के बजाय दूसरे वैकल्पिक रेल मार्गों से चलाने का फैसला किया है.
झाझा-किऊल-नवादा-गया होकर चलेंगी कुंभ और उपासना एक्सप्रेस
रेलवे से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13037 हावड़ा - देहरादून कुंभ एक्सप्रेस (23, 24, 26 व 27 सितंबर 2026) और ट्रेन संख्या 13035 हावड़ा - देहरादून उपासना एक्सप्रेस (25 सितंबर 2026) का मार्ग बदला गया है. इसी तरह वापसी में ट्रेन संख्या 13036 देहरादून – हावड़ा उपासना एक्सप्रेस (23 व 26 सितंबर 2026) और ट्रेन संख्या 13038 देहरादून - हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस (22, 24 व 25 सितंबर 2026) भी प्रभावित रहेंगी. इन सभी ट्रेनों को उनके मौजूदा डायवर्टेड रूट (सीतारामपुर – प्रधानखुंटा - गया – पंडित दीन दयाल उपाध्याय) के बजाय अब सीतारामपुर - झाझा – किऊल – नवादा – मानपुर – गया – पंडित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) के परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा.
भागलपुर-दुमका-देवघर होकर गुजरेगी मौर्य एक्सप्रेस, यात्रियों को मिलेगी राहत
दूसरी तरफ, बिहार और झारखंड के यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाने वाली मौर्य एक्सप्रेस के रूट में भी बड़ा फेरबदल किया गया है. ट्रेन संख्या 15027 संबलपुर – गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस (25, 26, 27, 28, 29, 30 सितंबर व 01, 02 अक्टूबर 2026) और ट्रेन संख्या 15028 गोरखपुर – संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस (26, 27, 28, 29, 30 सितंबर और 02, 03, 04 अक्टूबर 2026) अब अपने पुराने डायवर्टेड रूट (जसीडीह – किऊल – मुंगेर – बरौनी) के बजाय नए रूट से चलेंगी. अब यह ट्रेन जसीडीह – देवघर – दुमका – भागलपुर – मुंगेर – बरौनी रूट होकर गंतव्य की ओर रवाना होगी.
हटिया - पटना एक्सप्रेस 25 सितंबर को पूरी तरह रहेगी रद्द
रूट डायवर्जन के बीच रेलवे ने एक ट्रेन को पूरी तरह निरस्त करने का भी ऐलान किया है. ट्रेन संख्या 18622 हटिया – पटना एक्सप्रेस (25 सितंबर 2026 को शुरू होने वाली यात्रा) को रद्द कर दिया गया है. रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पहले इस ट्रेन को डायवर्टेड रूट पर चलाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन तकनीकी कारणों और नॉन-इंटरलॉकिंग काम की महत्ता को देखते हुए 25 सितंबर को इसकी सेवा पूरी तरह रद्द रखने का अंतिम फैसला लिया गया है.
Bhagalpur Railway News: यात्रियों से पूछताछ केंद्र या 139 पर जानकारी जुटाने की अपील
ईस्ट सेंट्रल रेलवे में चल रहे इस नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण रेल पटरियों और सिग्नलिंग सिस्टम को अत्याधुनिक बनाया जा रहा है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को होने वाली इस अस्थायी असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए अपील की है कि यात्री अपनी यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे पूछताछ सेवा 139 या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) ऐप के माध्यम से अपनी ट्रेन की सही स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें.
