विक्रमशिला सेतु पर बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) द्वारा बनाये जा रहे बेली ब्रिज का सोमवार को जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने औचक निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण से जुड़े तीनों प्रमुख स्थलों का जायजा लिया और कार्य की प्रगति पर संतोष जताया. निरीक्षण के बाद मीडियाकर्मियों से बात भी की.उन्होंने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस बेली ब्रिज से केवल छोटी गाड़ियों को ही गुजरने की अनुमति होगी. ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए वन-वे सिस्टम लागू किया जायेगा, जिसके तहत एक समय में केवल एक ही तरफ से गाड़ियां पास कर सकेंगी.
सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम, रोके जायेंगे भारी वाहन
भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए ब्रिज के दोनों ओर लोहे के मजबूत गार्डर लगाये जायेंगे. पुल पर जाम की स्थिति न बने और गाड़ियां कतार में चलें, इसके लिए दोनों छोरों पर मजिस्ट्रेट (दंडाधिकारी) और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. एक तरफ से सिग्नल मिलने के बाद ही दूसरी तरफ की गाड़ियों को बारी-बारी से छोड़ा जायेगा. तैनात अधिकारियों और जवानों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था की जायेगी.
निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति
पहला ब्रिज : मुख्य स्लैब के आर-पार वाला निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है.दूसरा ब्रिज : उत्तर दिशा में बन रहे दूसरे बेली ब्रिज का काम भी समाप्ति की ओर है.तीसरा ब्रिज : तीसरे बेली ब्रिज की लॉन्चिंग की तैयारियां तेजी से चल रही हैं.
31 मई तक तैयारी और पांच जून से परिचालन की उम्मीद
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि 31 मई तक उत्तरी और दक्षिणी दोनों छोरों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस फोर्स के बैठने की व्यवस्था और सड़कों पर लाइनिंग (मार्किंग) का काम हर हाल में मुकम्मल कर लिया जाये. अधिकारियों को उम्मीद है कि पांच जून से पहले निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हो जायेगा, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी.अब तक क्या-क्या हुआ
03 मई : विक्रमशिला सेतु का स्लैब देर रात गंगा में समा गया था. इसके बाद आवाजाही पूरी तरह ठप हो गयी.04 मई : बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष डॉ चंद्रशेखर सिंह ने तीन महीने में काम पूरा होने की बात कही. मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से बात कर सेना की मदद मांगी. अभियंताओं की टीम ने जांच की और एलिगेटर क्रेकिंग होने की बात कही.
05 मई : बीआरओ (बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन) की टीम भागलपुर पहुंची और घटनास्थल पर असेसमेंट शुरू की.06 मई : बीआरओ की टीम का असेसमेंट हुआ पूरा.19 मई : टूटे स्लैब पर पहले बेली ब्रिज की लॉन्चिंग.24 मई : दूसरे बेली ब्रिज का गार्डर लॉन्च, निर्माण अंतिम चरण में.
25 मई : तीसरे बेली ब्रिज की लॉन्चिंग की तैयारी.