Bhagalpur Weather Forecast : बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 15 से 19 जुलाई के दौरान दक्षिण बिहार के जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है. वहीं भागलपुर प्रमंडल के मुंगेर जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश के भी आसार हैं. भागलपुर के किसानों के लिए मौसम को देखते हुए विशेष कृषि परामर्श जारी किया गया है.
19 जुलाई तक बदलता रहेगा मौसम
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार भागलपुर में 15 से 19 जुलाई तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
नमी अधिक, हवा की गति रहेगी सामान्य
सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 55 से 65 प्रतिशत रहने की संभावना है. अगले दो दिनों तक दक्षिण-पश्चिम दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. इसके बाद हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी होने का अनुमान है.
किसानों को धान की उन्नत किस्मों की बुआई की सलाह
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि हाल के दिनों में हुई बारिश का लाभ उठाते हुए धान की सबौर सुरभित, भागलपुर कतरनी और सबौर दीप किस्मों की बुआई करें. बुआई से पहले बीजों को कार्बेन्डाजिम 2 ग्राम प्रति किलोग्राम बीज की दर से उपचारित करना लाभदायक होगा.
नर्सरी की देखभाल और समय पर करें रोपाई
विशेषज्ञों ने 10 से 15 दिन की धान नर्सरी में समय पर निराई-गुड़ाई करने की सलाह दी है. किसान सबौर मोती धान और सबौर सोना जैसी किस्मों की सीधी बुआई भी कर सकते हैं. जिन किसानों के पास सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है, वे समय पर धान की रोपाई शुरू करें. साथ ही पुरानी नर्सरी में खरपतवार नियंत्रण पर विशेष ध्यान दें.
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार करें खेती
कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखें और बारिश की स्थिति के अनुसार खेतों की तैयारी, बुआई और रोपाई का कार्य करें. समय पर कृषि कार्य करने से बेहतर उत्पादन मिलने की संभावना बढ़ जाती है.
ये भी पढ़ें : पटना समेत कई जिलों में छाए काले बादल, इन 24 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD की एडवाइजरी जारी
