टीएमबीयू में मानदेय भुगतान की फाइल नहीं बढ़ी तो भड़के अतिथि शिक्षक, विवि में किया हंगामा

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में अतिथि शिक्षकों ने मानदेय भुगतान में देरी को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा किया. वेतन भुगतान की फाइल फाइनेंशियल एडवाइजर के पास अटकी होने से शिक्षक नाराज दिखे. इस बीच, 70 अतिथि शिक्षकों का 50 दिनों से अनिश्चितकालीन धरना भी जारी रहा.

भागलपुर. तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में मानदेय भुगतान की फाइल आगे नहीं बढ़ने को लेकर अतिथि शिक्षकों ने गुरुवार को हंगामा किया. फाइनेंशियल एडवाइजर के चैंबर में वेतन से संबंधित फाइल की स्थिति जानने पहुंचे अतिथि शिक्षकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. विवाद बढ़ता देख विवि प्रशासन को स्थानीय थाना की पुलिस बुलानी पड़ी. पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ. इस बीच विवि से हटाये गये 70 अतिथि शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को 50वें दिन भी जारी रहा.

मानदेय की राशि मिलने के बाद भी भुगतान में देरी पर सवाल

अतिथि शिक्षक डाॅ देवेश दुबे, डाॅ एकांत चौधरी, डाॅ अजय कुमार समेत अन्य शिक्षकों ने कहा कि सरकार की ओर से मानदेय भुगतान के लिए विश्वविद्यालय को राशि उपलब्ध करायी जा चुकी है. इसके बावजूद एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया है. शिक्षकों का कहना है कि राशि उपलब्ध होने के बाद भी फाइल के स्तर पर भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है.

एफओ और रजिस्ट्रार स्तर से आगे बढ़ी फाइल, एफए के पास लंबित होने का दावा

अतिथि शिक्षकों के अनुसार मानदेय भुगतान से संबंधित फाइल वेतन शाखा से आगे बढ़ते हुए एफओ और रजिस्ट्रार स्तर से गुजर चुकी है और अब फाइनेंशियल एडवाइजर के पास लंबित है. गुरुवार को शिक्षक फाइल की स्थिति जानने पहुंचे थे. वहां उन्हें बताया गया कि संबंधित फाइल विश्वविद्यालय अतिथिगृह में है और अधिकारी बैठक में हैं.

फाइनेंशियल एडवाइजर के चैंबर में हुआ हंगामा

फाइल को लेकर मिली जानकारी के बाद अतिथि शिक्षक फाइनेंशियल एडवाइजर के चैंबर में पहुंच गये. वेतन भुगतान की फाइल आगे नहीं बढ़ने को लेकर वहां हंगामा करने लगे. शिक्षकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द भुगतान की मांग की. स्थिति बिगड़ती देख विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थानीय थाना की पुलिस को बुलाया. पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ.

50वें दिन भी जारी रहा 70 अतिथि शिक्षकों का धरना

विवि से हटाये गये 70 अतिथि शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को 50वें दिन भी जारी रहा. अतिथि शिक्षकों ने कहा कि उनका आंदोलन केवल लंबित मानदेय भुगतान तक सीमित नहीं है. वे पूरे कार्यकाल के वेतन भुगतान और सेवा अवधि विस्तार की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे.

शनिवार तक पांच माह का मानदेय नहीं मिला तो तालाबंदी की चेतावनी

अतिथि शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि शनिवार तक पांच माह के मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो सोमवार से विश्वविद्यालय में तालाबंदी की जायेगी. शिक्षकों ने कहा कि लगातार आंदोलन के बावजूद उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से उनमें नाराजगी बढ़ रही है.

70 शिक्षकों को हटाये जाने के मामले में हाईकोर्ट की सुनवाई टली

इधर, विश्वविद्यालय से 70 अतिथि शिक्षकों को हटाये जाने के मामले में गुरुवार को हाईकोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई भी टल गयी. शिक्षकों के अनुसार अब मामले की सुनवाई सोमवार या मंगलवार को होने की संभावना है. सेवा अवधि विस्तार और हटाये गये शिक्षकों की स्थिति को लेकर अब उनकी नजर हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर भी टिकी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पिंटू प्रणव

प्रभात खबर में कंटेंट राइटर, जिन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 5 साल से ज़्यादा का अनुभव है. न्यूज़ राइटिंग, कंटेंट क्रिएशन, कॉपी एडिटिंग, हेडलाइन राइटिंग और फ़ैक्ट-चेकिंग में अनुभवी. कृषि, वन और पर्यावरण, शिक्षा, राजनीति, टेलीकम्युनिकेशन, धर्म और आध्यात्मिक मामले, सामाजिक मुद्दे, NGO और संस्थान, सरकारी कामकाज और समसामयिक मामलों जैसे कई विषयों पर काम किया है. संपादकीय मानकों और न्यूज़रूम की कार्यक्षमता को बनाए रखते हुए सटीक, प्रभावशाली और पाठकों पर केंद्रित पत्रकारिता करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >