जदयू से दो दशक का साथ छोड़ राजद की ओर गोपाल मंडल, तेजस्वी से मुलाकात के बाद सियासी पारी बदलने के संकेत

जदयू से दो दशक का साथ छोड़ने के बाद पूर्व विधायक गोपाल मंडल ने तेजस्वी यादव से मुलाकात की है। क्या वे राजद में शामिल होकर नई सियासी पारी शुरू करेंगे?

गोपालपुर (भागलपुर ). गोपालपुर की राजनीति में लंबे समय तक जदयू का चेहरा रहे पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल अब राजद के साथ अपनी राजनीतिक पारी की नई शुरुआत करने की तैयारी में हैं.कभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाने वाले गोपाल मंडल ने हाल ही में राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात कर अपने नए राजनीतिक कदम के संकेत दे दिए हैं. गोपाल मंडल करीब दो दशक तक गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से जदयू के विधायक रहे. अपने बेबाक और बड़बोले अंदाज के कारण वे अक्सर राजनीतिक चर्चाओं में बने रहते थे.लंबे समय तक नीतीश कुमार के विश्वासपात्र नेताओं में उनकी गिनती होती रही.

2025 के विधानसभा चुनाव में जदयू ने काट दिया था टिकट

हालांकि, 2025 के विधानसभा चुनाव में जदयू ने उन्हें टिकट नहीं दिया. इसके बाद गोपाल मंडल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा. टिकट से वंचित होने के बाद से ही गोपाल मंडल के अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें लगती रही हैं. इसी बीच तेजस्वी यादव से उनकी मुलाकात ने इन अटकलों को और हवा दे दी है. माना जा रहा है कि वे जल्द ही राजद की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं और पार्टी के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू कर सकते हैं.

कुछ माह पूर्व लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की थी गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व गोपाल मंडल ने लोकसभा चुनाव लड़ने की भी घोषणा की थी. अब राजद नेतृत्व से उनकी बढ़ती नजदीकी को गोपालपुर की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.यदि वे राजद में शामिल होते हैं तो इसका असर न केवल गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र, बल्कि अंग क्षेत्र की राजनीति पर भी पड़ सकता है.

राजद में जाने पर तस्वीर अभी साफ नहीं हालांकि, राजद में औपचारिक रूप से शामिल होने और भविष्य में पार्टी की ओर से उन्हें क्या जिम्मेदारी दी जाती है, इस पर अभी तस्वीर साफ नहीं हुई है.ऐसे में तेजस्वी यादव से हुई मुलाकात को गोपाल मंडल की राजनीति की नई दिशा की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vipin Thakur

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >