भागलपुर के स्थानीय बाजारों में खाद्य सामग्री के भाव में फिलहाल ज्यादा बदलाव नहीं है. हालांकि कुछ दलहन और तेलहन की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. दूसरी ओर सर्राफा बाजार में पिछले कुछ समय से सोना-चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव जारी है. पिछले पांच दिनों से सोने के भाव में नरमी का रुख है, जबकि चांदी की कीमत फिलहाल स्थिर बनी हुई है.
थोक बाजार में चना और अरहर के भाव में तेजी देखी जा रही है. अन्य प्रमुख अनाज की कीमतें अपेक्षाकृत स्थिर हैं. तेलहन के भाव में भी हल्की तेजी आयी है.
सर्राफा बाजार: सोना नरम, चांदी के भाव स्थिर
स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर के आसपास बनी हुई हैं. पिछले कुछ दिनों में इसमें हल्की नरमी देखी गयी है.
- 24 कैरेट सोना: ₹1,54,000 प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट सोना: ₹1,40,600 प्रति 10 ग्राम
- चांदी: ₹2.36 लाख प्रति किलोग्राम
दलहन में अरहर और मूंग के भाव में उतार-चढ़ाव
दलहन बाजार में चना और मसूर दाल के भाव फिलहाल स्थिर बताए जा रहे हैं. वहीं अरहर और मूंग की कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है.
| खाद्य सामग्री | भाव |
| चना व मसूर दाल | ₹72/किलो |
| अरहर दाल | ₹120–130/किलो |
| मूंग दाल | ₹98/किलो |
| कलाई दाल | ₹105–115/किलो |
| आटा | ₹35/किलो |
कतरनी चावल 160 रुपये किलो तक
अनाज मंडी में कतरनी चावल की कीमत गुणवत्ता के आधार पर ₹80 से ₹160 प्रति किलो तक है. वहीं स्वर्णा चावल करीब ₹40 प्रति किलो की दर से उपलब्ध है. कतरनी चूड़ा ₹110 से ₹130 प्रति किलो बिक रहा है.
चीनी के 50 किलो के पैकेट की कीमत पहले ₹2,300 थी, जो बढ़कर ₹2,850 तक पहुंच गयी है.
खाद्य तेलों में भी बढ़ी कीमत
तेलहन और खाद्य तेल बाजार में तेजी का रुख बना हुआ है. व्यापारियों के अनुसार 15 किलो मंगल तेल का डिब्बा करीब तीन महीने पहले ₹2,475 का था, जो पहले ₹2,800 और अब बढ़कर ₹2,930 तक पहुंच गया है.
रिफाइंड पाम तेल की कीमत ₹2,350 से ₹2,450 प्रति 13 लीटर के बीच बतायी गयी है. वहीं भोजन वनस्पति का 15 किलो जार ₹2,480 में उपलब्ध है.
शादी-ब्याह के सीजन में बढ़ सकती है मांग
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में शादी-ब्याह के सीजन और बाजार में आपूर्ति की स्थिति का असर कीमतों पर पड़ सकता है. मांग बढ़ने पर कुछ उत्पादों के भाव में और तेजी आने की संभावना है.
