Naugachia Murder: प्रतिनिधि, नवगछिया. नवगछिया थाना क्षेत्र के रामधारी सिंह उच्च विद्यालय, पकरा के मैदान के पीछे पीसीसी सड़क पर गुरुवार की शाम तेतरी दक्षिणबारी टोला निवासी बरुण राय के 30 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. राहुल कोर्ट में मुंशी का काम करता था. घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया एसपी वैभव शर्मा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिकेत अमर मौके पर पहुंचे. एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया.
फोन कर घर से बुलाने का आरोप
मृतक के बड़े भाई मिक्की राय ने आरोप लगाया कि दौनियाटोला पकरा निवासी सिंटू कुमार की पत्नी सोनी देवी ने राहुल को फोन कर घर से बुलाया था. उन्होंने बताया कि राहुल को गोली मारे जाने के बाद घटना की सूचना भी सोनी देवी ने ही फोन कर दी थी. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.
तेतरी मंदिर जाने के लिए निकला था राहुल
परिजनों के अनुसार राहुल गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अपनी पल्सर बाइक से तेतरी दुर्गा मंदिर जाने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान अपराधियों ने उसे गोली मार दी. गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटनास्थल के पास सड़क किनारे उसकी पल्सर बाइक पड़ी मिली.
एसपी और एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही एसपी वैभव शर्मा, एसडीपीओ अनिकेत अमर सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और हत्या से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
राहुल की हत्या की सूचना मिलने के बाद उसकी पत्नी विभा देवी और मां चंचल देवी घटनास्थल पर पहुंचीं. दोनों का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों के अनुसार राहुल दो भाइयों में छोटा था. उसके परिवार में पत्नी विभा देवी के अलावा पुत्र अंकित कुमार और पुत्री आरोही कुमारी हैं.
हत्या के कारण को लेकर रहस्य बरकरार
Naugachia Murder: राहुल की हत्या किस कारण से की गई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, एफएसएल रिपोर्ट और लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है. मृतक के भाई द्वारा महिला पर फोन कर राहुल को बुलाने का आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है.नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि तेतरी में युवक का शव बरामद हुआ है और गोली मारकर उसकी हत्या की गई है. उन्होंने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. साथ ही मृतक का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है.एफएसएल जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेज दिया.
