Bhagalpur news गंगा जल लिफ्ट परियोजना : सात मई से इंटकवेल निर्माण की तैयारी
गंगा जल लिफ्ट सिंचाई परियोजना अब जमीन पर उतरती दिख रही है. गनगनिया मौजा में रैयतों को फाइनल नोटिस जारी कर भूमि अधिग्रहण को निर्णायक चरण में पहुंचा दिया गया. परियोजना के कार्य में तेजी आने की उम्मीद है. इस योजना से गंगा नदी के बाढ़ कालीन अतिरिक्त जल को बांका के बडुआ जलाशय और मुंगेर के खड़गपुर जलाशय तक पहुंचाया जायेगा, ताकि सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया जा सके.
गनगनिया में 24 लाख से अधिक का मुआवजा
परियोजना से जुड़े सहायक मैनेजर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गनगनिया मौजा में दो रैयतों की भूमि अधिग्रहित की जा रही है, जिनमें से एक को अंतिम नोटिस की रिसीविंग करा दी गयी है. इस भूमि के लिए 24 लाख 85 हजार 678 रुपये मुआवजा निर्धारित किया गया है. रैयतों को 20 मई तक सभी आवश्यक दस्तावेज, मालगुजारी रसीद, भू स्वामित्व प्रमाण पत्र, खतियान एवं अन्य कागजात के साथ भू-अर्जन कार्यालय में आवेदन देने का निर्देश दिया गया है.
कमरगंज में 53 करोड़ से अधिक का मुआवजा
कमरगंज मौजा में 53 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा राशि तय की गयी है. उच्च अधिकारियों के हस्ताक्षर के बाद एक-दो दिनों में यहां भी फाइनल नोटिस जारी कर दी जायेगी. दोनों मौजा में कुल मिला कर करीब 54 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा का प्राक्कलन तैयार किया गया है.
सात मई से इंटकवेल निर्माण की तैयारी
सुलतानगंज में इंटकवेल (जल उठाव केंद्र) का निर्माण सात मई से भूमि पूजन के साथ शुरू किया जायेगा. साइट पर मिट्टी भराई का कार्य जारी है. भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य को गति दी जायेगी. जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने सिंचाई विभाग को पत्र भेज कर मुआवजा भुगतान की राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. गनगनिया और कमरगंज मौजा की कुल अधिग्रहित भूमि के लिए 54 करोड़ 12 लाख 86 हजार 140 रुपये का अनुमानित प्राक्कलन तैयार किया गया है.
1627 करोड़ की योजना से बदलेगी तस्वीर
करीब 1627 करोड़ रुपये की परियोजना क्षेत्र के कृषि परिदृश्य को बदलने जा रही है. विधायक प्रो ललित नारायण मंडल ने बताया कि किसानों की सिंचाई समस्या का समाधान का प्रयास किया गया है. सुखाड़ के समय में खडगपुर, तारापुर, बेलहर, अमरपुर, सुलतानगंज, जमालपुर विस क्षेत्र के लाखों किसानों को पटवन में सुविधा होगी. किसानों की वित्तीय स्थिति में सुधार होगा. खेत तक सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिलेगा.
55 मिलियन घनमीटर पानी 31.81 किलोमीटर लंबे चैनल से पहुंचेगा
विधायक ने बताया कि बांका के बडुआ हनुमना डैम व मुंगेर के खड़गपुर जलाशय में पानी दिया जायेगा. जुलाई से अक्तूबर तक गंगा का पानी इन जलाशयों में पहुंचाया जायेगा. गंगा नदी से सुलतानगंज में पानी निकासी का चैनल बनेगा. 55 मिलियन घनमीटर पानी 31.81 किलोमीटर लंबे चैनल से मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड में विहमा गांव तक पहुंचाया जायेगा. यहां से रेगुलेटर से चैनल को दो भागों में विभक्त किया जायेगा, जिससे सुलतानगंज दक्षिणी क्षेत्र सहित कई गांव के किसान को सिंचाई में सुविधा होगी. कई गांवों में पेयजल व सिंचाई की समस्या का समाधान होगा.
भूमि अधिग्रहण के लिए 54 करोड़ से अधिक राशि का प्रस्ताव
सुलतानगंज जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने सिंचाई प्रमंडल तारापुर के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेज गनगनिया और कमरगंज मौजा में अर्जित भूमि के मुआवजा भुगतान के लिए राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. गनगनिया मौजा में 0.1276 एकड़ भूमि के लिए 31 लाख 14 हजार 579 रुपये का मुआवजा आकलित किया गया है. कमरगंज मौजा में 18.39 एकड़ भूमि अधिग्रहण के लिए 53 करोड़ 81 लाख 71 हजार 561 रुपये की राशि निर्धारित की गयी है. दोनों को मिलाकर कुल 54 करोड़ 12 लाख 86 हजार 140 रुपये का अनुमानित प्राक्कलन तैयार किया गया है. जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने पत्र में अनुरोध किया है कि आवश्यक आवंटन शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि पंचाट की घोषणा के बाद संबंधित भू धारियों को मुआवजा राशि का भुगतान किया जा सके.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.