bhagalpur news. गंगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना का काम नौ दिन से ठप, नोटिस नहीं मिलने से किसानों का विरोध

सुलतानगंज से गंगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के तहत चल रहा निर्माण कार्य पिछले कई दिनों से ठप पड़ा है

सुलतानगंज से गंगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के तहत चल रहा निर्माण कार्य पिछले कई दिनों से ठप पड़ा है. किसानों को भूमि अधिग्रहण का नोटिस नहीं मिलने के कारण रैयतों ने विरोध जताते हुए काम बंद करा दिया है. शुक्रवार तक भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. जानकारी के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत गंगा नदी के अधिशेष जल को लिफ्ट कर बांका जिले के बडुआ जलाशय एवं मुंगेर जिले के खड़गपुर जलाशय तक पहुंचाया जाना है. करीब 1627 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है. परियोजना के लिए सुलतानगंज अंचल के मौजा कमरगंज में 19.7 एकड़ एवं गनगनिया में 0.1398 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जानी है. इसको लेकर अधिघोषणा धारा 19(1) के तहत नोटिस चिपकाया गया है. पंचायत के मुखिया भरत कुमार ने बताया कि कमरगंज के महादेव मंदिर के समीप सार्वजनिक स्थल पर अधिघोषणा चिपकाकर जमीन का पूरा विवरण उपलब्ध कराया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कंपनी ने पहले आश्वासन दिया था कि मार्च के पहले सप्ताह तक जिला भू-अर्जन कार्यालय, भागलपुर द्वारा सभी प्रभावित किसानों को नोटिस दे दिया जाएगा, लेकिन 10 मार्च तक नोटिस नहीं मिलने से किसानों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने काम रुकवा दिया. निर्माण कंपनी के सहायक मैनेजर ने कहा- तीन दिन में मिलेगा नोटिस

निर्माण कंपनी के सहायक मैनेजर अतुल कुमार सिंह एवं स्वप्निल कुमार ने प्रशिक्षु एएसपी व थानाध्यक्ष सायम रजा से मिलकर पूरे मामले की जानकारी दी है. कंपनी की ओर से बताया गया कि जिला भू-अर्जन कार्यालय द्वारा सोमवार तक सभी किसानों को नोटिस मिलने की संभावना है. सहायक मैनेजर ने स्पष्ट किया कि नोटिस मिलते ही निर्माण कार्य पुनः शुरू कर दिया जाएगा. सरकार की इस महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने से योजना प्रभावित हो रही है. यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो परियोजना की समयसीमा पर असर पड़ सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >