सिल्क सिटी भागलपुर में गणेश चतुर्थी को लेकर चारों तरफ उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है. शहर के अलग-अलग इलाकों में सोमवार, 14 सितंबर को गणेश पूजन महोत्सव धूमधाम से मनाया जायेगा. कहीं भव्य पंडाल सजाये गये हैं, तो कहीं सात दिवसीय पूजा, भंडारा और भजन संध्या का आयोजन होगा. कई जगह इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमा स्थापित की जायेगी, जबकि कुछ स्थानों पर गजराज और चूहे पर विराजमान गणपति की आकर्षक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
विघ्नों के नाश और बुद्धि-विवेक की कामना से होती है गणेश पूजा
गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की पूजा बुद्धि, विद्या, रिद्धि-सिद्धि की प्राप्ति और विघ्नों के नाश की कामना से की जाती है. भागलपुर में इसको लेकर विभिन्न पूजा समितियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं.
शर्मा चौक के राजा समिति की ओर से दही टोला लेन में भव्य पंडाल सजाया गया है. यहां सिंहासन पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जायेगी. पंडित विष्णु शर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर पूजा-अर्चना होगी. मंगलवार को प्रसाद वितरण और बुधवार को भजन-कीर्तन का आयोजन होगा. इसके बाद प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा.
महाशय ड्योढ़ी में बांग्ला विधि-विधान से होगी पूजा
महाशय ड्योढ़ी परिसर स्थित भगवान गणेश मंदिर में भी पूजा की तैयारी पूरी हो गयी है. यहां बांग्ला विधि-विधान से गणेश पूजा होगी. सामाजिक कार्यकर्ता देवाशीष बनर्जी ने बताया कि यहां मेढ़ पर मेढ़ चढ़ाने की परंपरा है. भगवान गणेश की प्रतिमा के ऊपर भोलेनाथ का मेढ़ रखा गया है.
सुबह पूजा के बाद भोग का आयोजन होगा, जबकि शाम सात बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा.
परबत्ती में 15 फीट की प्रतिमा, भजन संध्या भी
परबत्ती में इस बार भगवान गणेश की 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जायेगी. यहां सुबह 11 बजे वैदिक विधि-विधान से पूजा होगी. शाम सात बजे भजन कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा.
वहीं सिकंदरपुर रोड में गजानंद क्लब की ओर से गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है. वासलीगंज स्थित संकट मोचन दरबार परिसर में मां शेरावाली क्लब की ओर से गणेश पूजा समारोह होगा. यहां भव्य प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी पूरी कर ली गयी है.
बड़ी खंजरपुर में दो दिन चलेगा भंडारा
बड़ी खंजरपुर गणेश चौक परिसर में दो दिनों तक श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जायेगा. यहां भी 15 फीट की गणेश प्रतिमा स्थापित की जा रही है.
पूजा समिति के संस्थापक अरविंद यादव ने बताया कि यहां वर्ष 2009 से गणेश पूजा होती आ रही है. इस बार 14 सितंबर को लड्डू और केला का प्रसाद बांटा जायेगा. दूसरे दिन मीठा पुलाव का भोग लगाकर भंडारे का आयोजन होगा. आयोजन की तैयारी में दीपक मंडल, मदन साह, बबलू महलदार, दीपक यादव समेत अन्य लोग जुटे हैं.
इसके अलावा चंपानगर, दीपनगर चौक, मंदरोजा चौक समेत शहर के कई अन्य इलाकों में भी गणेश पूजन महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. गणेश चतुर्थी को लेकर बाजारों और पूजा स्थलों पर भी चहल-पहल बढ़ गयी है.
