Bhagalpur news आज से अतिक्रमण हटेगा, दुर्घटनाग्रस्त वाहन भी हटाए जायेंगे

नवगछिया एसडीओ रोहित कर्दम की अध्यक्षता में शनिवार को समीक्षा बैठक हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना रहा.

नवगछिया एसडीओ रोहित कर्दम की अध्यक्षता में शनिवार को समीक्षा बैठक हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना रहा. परिवहन विभाग के मोटर यान निरीक्षक को निर्देश दिया गया कि सड़क किनारे पड़े दुर्घटनाग्रस्त और जर्जर वाहनों को तत्काल हटाया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो. प्रत्येक सप्ताह थानाध्यक्षों के साथ समन्वय बना सघन वाहन जांच अभियान चलाने और ओवरलोड वाहनों पर जुर्माना वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया. अनुमंडल स्तर पर विशेष जांच के लिए अतिरिक्त मोटर यान निरीक्षक की प्रतिनियुक्ति के लिए डीएम भागलपुर को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया. एनएच-31 और एनएच-131वी के चौक-चौराहों पर अतिक्रमण को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण मानते हुए सभी अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को समन्वय बनाकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया. जीरो माइल चौक तक 13 अप्रैल को व्यापक अभियान चला कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जायेगी. माइकिंग से प्रचार-प्रसार किया जा चुका है. पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने जानकारी दी कि फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया जारी है, जबकि जीरो माइल से जाह्नवी चौक तक सड़क मरम्मत कार्य अधूरा है. एसडीओ ने नाराजगी जताते हुए गुणवत्तापूर्ण और समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान के लिए सभी अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है. तेतरी, जगतपुर, चापर मोड़, टावर चौक भवानीपुर, खरीक चौक और पुरानी बस पड़ाव सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. मकन्दपुर से जीरो माइल तक सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश नगर परिषद नवगछिया को दिया गया है, ताकि यातायात पर निगरानी रखी जा सके. प्राइवेट बसों के सड़क पर ही यात्रियों को चढ़ाने-उतारने की प्रवृत्ति पर सख्ती दिखाते हुए मोटर यान निरीक्षक को इस पर रोक लगाने के निर्देश दिये. बैठक के अंत में सभी संबंधित पदाधिकारियों को 13 अप्रैल को अद्यतन प्रतिवेदन के साथ पुनः उपस्थित होने का निर्देश दिया, ताकि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा सके. प्रशासन की इस सख्ती से स्पष्ट है कि नवगछिया में सड़क सुरक्षा को लेकर अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. आने वाले दिनों में अतिक्रमण हटाने, वाहन जांच और निगरानी व्यवस्था मजबूत होने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >