भागलपुर प्रक्षेत्र के आइजी विवेक कुमार ने गुरुवार को नवगछिया पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया. इसके बाद आइजी ने नवगछिया एसपी राजेश कुमार के साथ कार्यालय कक्ष में बैठक कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान आइजी ने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सामान्य शाखा, अपराध शाखा, विधि शाखा, हिंदी शाखा, लेखा शाखा, डीसीबी, मद्य निषेध, पेंशन एवं अभियोजन शाखा सहित अन्य इकाइयों के कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया. आइजी ने कहा कि नवगछिया क्षेत्र में पुलिसिंग को और सुदृढ़ करने के लिए रणनीतिक स्तर पर विचार-विमर्श किया गया है. उन्होंने एसपी के साथ बैठक में नई तकनीकों के उपयोग, साइबर अपराध से निपटने की तैयारी और पुलिसकर्मियों की क्षमता वृद्धि पर विशेष जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी थानों, डीएसपी कार्यालयों और अन्य पुलिस इकाइयों को आधुनिक संसाधनों से मजबूत किया जाए. कहा कि जिन थानों के पास भूमि उपलब्ध नहीं है, उनके लिए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक भवन निर्माण कार्य शुरू हो सके. आगामी रामनवमी पर्व को लेकर भी आइजी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने दायित्व क्षेत्रों में समय पर पहुंचकर विधि-व्यवस्था बनाए रखें और दंडाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं. आइजी ने भरोसा जताया कि नवगछिया में पहले की तरह सभी पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न होंगे तथा पुलिस प्रशासन इसके लिए पूरी तरह तैयार है.
bhagalpur news. नवगछिया में बेहतर पुलिसिंग पर जोर, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
भागलपुर प्रक्षेत्र के आइजी विवेक कुमार ने गुरुवार को नवगछिया पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया
