भागलपुर: टोटो पलटने से गंभीर रूप से घायल हुई 64 वर्षीय वृद्धा की इलाज के दौरान बुधवार को जेएलएनएमसीएच मायागंज में मौत हो गयी. मृतका की पहचान मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र के गनौल गांव निवासी सियावती देवी (64), पति शिव पहाड़िया के रूप में हुई है. हादसा 14 सितंबर को उस समय हुआ था, जब वह टोटो से आलमनगर मार्केट जा रही थीं.
आलमनगर जाने के दौरान पलटा टोटो
परिजनों के अनुसार, सियावती देवी टोटो से आलमनगर मार्केट जा रही थीं. इसी दौरान टोटो असंतुलित होकर पलट गया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गयीं. घटना के बाद उन्हें तत्काल स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए ले जाया गया.
बेहतर इलाज के लिए मायागंज किया गया रेफर
स्थानीय स्तर पर प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज रेफर कर दिया. परिजन उन्हें भागलपुर लेकर पहुंचे, जहां अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा था. बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
मौत की खबर मिलते ही परिवार में पसरा मातम
सियावती देवी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. मृतका के दो बेटे और पांच बेटियां हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे. परिजनों के अनुसार, वह किसी काम से आलमनगर मार्केट जा रही थीं, तभी टोटो पलटने से हादसा हो गया.
टोटो चालक का पता लगाने में जुटी पुलिस
वृद्धा की मौत के बाद बरारी थाना पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली. हादसे में शामिल टोटो और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
पुलिस टोटो के असंतुलित होकर पलटने के कारणों और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
