शाहकुंड के कसवा खेरही पंचायत के वार्ड संख्या तीन में बीते डेढ़ माह से पीएचईडी के मिनी जलापूर्ति से पानी की सप्लाई बंद है. इससे वार्ड की हजारों लोग पेयजल के लिए भटक रहे हैं. कसवा खेरही पंचायत का ये वार्ड पहाड़ी क्षेत्र होने से ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट से निदान की कोई व्यवस्था नहीं है. वार्ड सदस्य रोजी देवी ने बताया कि मोटर खराब होने से पानी की आपूर्ति बंद है. कहा कि पीएचईडी के अधिकारी और संवेदक को मोटर खराब होने की सूचना दी गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है. व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि पीएचईडी के जलापूर्ति से पानी सप्लाई अक्सर बाधित होता है. स्थानीय लोगों ने दो दिनों में व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है. कनीय अभियंता नेहा चौधरी ने बताया कि मुझे जानकारी नहीं है. संवेदक से पता कर जल्द समस्या का निदान होगा.
शाहकुंड में आशा कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
शाहकुंड. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहकुंड में आशा और आशा फेसिलेटर ने तीन सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. आशाकर्मियों ने अगस्त 2025 से बकाया भुगतान देने, सेवानिवृत्ति 65 वर्ष करने सहित अन्य मांगों को लेकर धरना दिया. आशा ने मांगों का पत्र सीएचसी प्रभारी को सौंपा. मौके पर शबनम, अनिता आदि मौजूद थे.