शुभंकर, सुलतानगंज धार्मिक, औद्योगिक और पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान रखने वाला सुलतानगंज अब हवाई नक्शे पर उभरने की दहलीज पर खड़ा है. बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को राजकीय हेलीकॉप्टर से सुलतानगंज पहुंचकर प्रस्तावित ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा स्थल का भौतिक सर्वेक्षण करेंगे. दिन के लगभग दो बजे उनके आगमन के साथ ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद है. निरीक्षण के उपरांत डिप्टी सीएम मसदी स्थित पथ निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय विधायक और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. बैठक में एयरपोर्ट निर्माण की प्रगति, तकनीकी औपचारिकताओं और इससे जुड़ी अन्य विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. इसके बाद वे निजी आवास लखनपुर के लिए रवाना हो जाएंगे. गौरतलब है कि सुलतानगंज में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए 931 एकड़ भूमि अधिग्रहण पर 472 करोड़ 72 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मंत्रिपरिषद से पहले ही मिल चुकी है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के निर्देश पर जिला प्रशासन ऑब्स्टेकल लिमिटेशन सरफेस (ओएलएस) रिपोर्ट तैयार करने में जुटा है. उड़ान और लैंडिंग में संभावित बाधाओं को चिह्नित कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है. जिलाधिकारी ने हालिया निरीक्षण के दौरान कार्यों में तेजी और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए थे. विशेषज्ञों और स्थानीय नागरिकों का मानना है कि हवाई अड्डा निर्माण सुलतानगंज के लिए विकास का नया द्वार खोलेगा. सिल्क सिटी के रूप में प्रसिद्ध भागलपुर अंग क्षेत्र के रेशम उद्योग को वैश्विक बाजार से सीधा जोड़ मिलेगा. फूड प्रोसेसिंग, पर्यटन और सेवा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला, अजगैबीनाथ मंदिर और जाह्नवी गंगा के कारण यहां आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
कृष्णानंद स्टेडियम मैदान में हेलीपैड का लिया जायजा
डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. कृष्णानंद स्टेडियम मैदान में हेलीपैड का निर्माण कराया गया है. शुक्रवार शाम विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार और बीडीओ संजीव कुमार ने हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इधर, विधायक प्रो ललित नारायण मंडल ने कहा कि तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. एयरपोर्ट बनने से सुलतानगंज को एक बड़ी सुविधा मिलेगी. नगर परिषद के मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने इसे सुलतानगंज के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि एयरपोर्ट के साथ-साथ शहर को एक और बड़ी सौगात मिलने की संभावना है, जिसकी घोषणा शीघ्र हो सकती है. मीन के बदले जमीन देने की मांग करेंगे किसानग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण को लेकर कमरगंज मौजा का काफी जमीन अधिग्रहण करने का प्रक्रिया शुरू होने पर रैयतों मे नाराजगी है. किसानों ने बताया कि हमलोगों का जमीन एयरपोर्ट निर्माण में जा रहा है, जमीन काफी उपजाऊ है. यहां के किसानों का इस जमीन पर जीवन यापन निर्भर है. बताया गया कि पहले भी इस मौजा के सैकड़ों किसानों के जमीन फोर लेन सड़क निर्माण में अधिग्रहण कर लिया गया है. कमरगंज के कई किसान भूमिहीन हो गए हैं, जिसके पास अब थोड़ा बहुत जमीन बचा है वह भी एयरपोर्ट निर्माण में अधिग्रहण किया जा रहा है. किसानों ने बताया कि एयरपोर्ट निर्माण बेहतर हो इसके लिए हम लोग सभी सहमत हैं, लेकिन जिन किसानों का जमीन लिया जा रहा है, उसको दूसरे जगह जमीन उपलब्ध कराया जाए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
