Bhagalpur news संदिग्ध परिस्थिति में नवविवाहिता की मौत
नारायणपुर गंगा दियारा के नुरूद्दीनपुर गांव में सोमवार की देर शाम एक नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है.
नारायणपुर गंगा दियारा के नुरूद्दीनपुर गांव में सोमवार की देर शाम एक नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है. ग्रामीणों के बीच फांसी लगा कर आत्महत्या करने की बात की चर्चा है. एक जनप्रतिनिधि ने बताया कि महिला की मौत दवाई के रिएक्शन से होने की बात कीचर्चा है. महिला की पहचान गोपाल भगत की पतोहू व दीपक कुमार की पत्नी के रूप में हो रही है. एक साल पहले महिला की शादी हुई थी. मृतका का मायका रूपौली- भवानीपुर की तरफ बताया जा रहा है. बिहपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया है. मृतका का पति दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता है.
शराब के साथ तीन गिरफ्तार, चालक फरार
शराब के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत कहलगांव व सनोखर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि काफी मात्रा में शराब बरामद कर एक ऑटो जब्त किया गया है. कहलगांव पुलिस ने लालापुर भदेर गांव के संतोष कुमार को एक बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया. सदानंदपुर वैसा गांव के मनोज मंडल को पांच लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया. दूसरी ओर सनोखर थाना पुलिस ने महेशखोर गांव के व्यास मुनि को सात लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया. गश्ती के दौरान सिंया मोड़ के पास झारखंड की ओर से आ रहे एक ऑटो को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देख चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया. तलाशी में ऑटो से 340 लीटर महुआ शराब व नौ लीटर झारखंड निर्मित देसी शराब बरामद की गयी. पुलिस ने ऑटो को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.
अतिक्रमित भूमि मुक्त कराने का अनुरोध
कहलगांव अनुमंडल कृषि पदाधिकारी डॉ हेमलता कुमारी ने डीएम भागलपुर को पत्र लिखकर राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्र, कहलगांव की अतिक्रमित भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अनुरोध** किया है. पत्र में उल्लेख किया है कि राजकीय बीज गुणन प्रक्षेत्र, कहलगांव की 24 एकड़ 50 डिसमिल भूमि बिहार सरकार कृषि विभाग के नाम से है, जिसका लगान 2024-25 तक का भुगतान किया गया है. वर्तमान में प्रक्षेत्र में मात्र 7.5 एकड़ भूमि में बीजोत्पादन का कार्य किया जा रहा है, जबकि 10.5 एकड़ भूमि पर अनुमंडलीय अस्पताल व एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय का भवन बना है और 2.5 एकड़ भूमि में सिंचाई विभाग की ओर से नहर का निर्माण किया गया है. शेष चार एकड़ भूमि पर स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है, जिसे मुक्त कराने के लिए कई बार प्रयास किया गया.