सुलतानगंज करहरिया पंचायत में भीषण गर्मी में पेयजल संकट विकराल रूप लेता जा रहा है. पूर्व मुखिया प्रतिनिधि संजीव कुमार सिंह ने बताया कि वार्ड सात के शरीफा गांव में मोटर जलने से जलापूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है. महिलाएं और बच्चे दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं. दैनिक जरूरतों के लिए ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. वार्ड तीन, छह व 13 में हर घर नल-जल योजना के तहत अतिरिक्त बोरिंग तो करायी गयी, लेकिन चार महीने बीतने के बावजूद मोटर नहीं लगाने से योजना अधर में लटकी है. इन वार्डों के सैकड़ों घर पानी की सुविधा से वंचित हैं. पूर्व मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर बीडीओ को आवेदन देकर त्वरित कार्रवाई की मांग की गयी है. विभागीय अधिकारियों से बात करने पर जल्द मिस्त्री भेजने का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. ग्रामीणों ने शीघ्र जलापूर्ति बहाल की मांग की. फिलहाल भीषण गर्मी में पानी की किल्लत से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है और प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग तेज हो गयी है.
Bhagalpur news करहरिया में पेयजल संकट, कई वार्डों में नहीं मिल रहा पेयजल
सुलतानगंज करहरिया पंचायत में भीषण गर्मी में पेयजल संकट विकराल रूप लेता जा रहा है.
