नवगछिया भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलाहा गांव की नेहा भारती साइबर ठगी का शिकार हो गयी. पीड़िता ने नवगछिया साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करा 85 हजार रुपये की ठगी का आरोप अज्ञात साइबर अपराधियों पर लगाया है. पीड़िता ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि 30 नवंबर को वह एक डिजिटल पेमेंट से जुड़े टेलीग्राम चैनल केडी लाइव पर दिख रहे एक विज्ञापन पर क्लिक कर व्हाट्सएप चैनल तक पहुंच गयी. उस चैनल पर गरीब बच्चों की मदद के नाम पर तीन हजार से पांच हजार रुपये निवेश करने पर रकम दोगुनी करने का झांसा दिया जा रहा था. लालच में आकर वह चैनल से जुड़ गयी और धीरे-धीरे अलग-अलग किस्तों में पैसे निवेश करने लगीं. नेहा भारती के अनुसार ठगों ने विश्वास में लेकर उनसे कुल 85 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिये. इस दौरान उनके खाते में 22, 802 रुपये होल्ड भी कर दिये. जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करायी. मामले में नवगछिया साइबर थाना की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि संबंधित खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की जायेगी. साइबर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, टेलीग्राम या व्हाट्सएप पर आने वाले निवेश संबंधी लुभावने ऑफर से सतर्क रहें. किसी भी अनजान लिंक या चैनल पर भरोसा कर पैसे ट्रांसफर न करें. ठगी की आशंका होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें या नजदीकी साइबर थाना से संपर्क करें.
Bhagalpur news डिजिटल पेमेंट के नाम पर 85 हजार की ठगी, मामला दर्ज
बलाहा गांव की नेहा भारती साइबर ठगी का शिकार हो गयी. पीड़िता ने नवगछिया साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करा 85 हजार रुपये की ठगी का आरोप अज्ञात साइबर अपराधियों पर लगाया है.
