छौड़ाही. थाना क्षेत्र के सावंत पंचायत अंतर्गत छौड़ाही बाजार में रविवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी. यह घटना दौलतपुर-मालीपुर पथ स्थित सब्जी बाजार के समीप हुई, जहां एक अज्ञात बोलेरो वाहन ने युवती को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. घायल युवती की पहचान छौड़ाही गांव निवासी स्वर्गीय रामस्वरूप महतो की 30 वर्षीया पुत्री बबीता कुमारी के रूप में की गयी है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छौड़ाही पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया. फिलहाल सदर अस्पताल में उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो वाहन तेज गति में था और चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए युवती को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि युवती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयी. घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी. थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि घायल युवती का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. उन्होंने कहा कि अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और विभिन्न स्थानों पर छानबीन की जा रही है. जल्द ही आरोपी की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से युवती जख्मी, चालक फरार
छौड़ाही थाना क्षेत्र के सावंत पंचायत अंतर्गत छौड़ाही बाजार में रविवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी.
