भागलपुर में रातभर घर नहीं लौटा टोटो चालक, सुबह इंजीनियरिंग कॉलेज मार्ग पर खून से लथपथ मिली लाश

Bhagalpur News : शनिवार शाम रोज की तरह घर से कमाने निकला ई-रिक्शा चालक जब देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों की बेचैनी बढ़ने लगी. रविवार तड़के सड़क किनारे खून से लथपथ पड़े चालक का शव मिला, जबकि उसका ई-रिक्शा नाले की ओर उतरा हुआ था. हत्या के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है.

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट

Bhagalpur News : भागलपुर के सबौर थाना क्षेत्र में एक ई-रिक्शा चालक की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है. शनिवार शाम घर से निकले चालक का शव रविवार सुबह इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित महर्षि मेंही आश्रम जाने वाले मार्ग पर बरामद किया गया. घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं. पुलिस लूटपाट, आपराधिक वारदात और व्यक्तिगत रंजिश समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है.

सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप

मृतक की पहचान बड़ी गोपालपुर निवासी 50 वर्षीय निराला यादव के रूप में हुई है. वह पेशे से ई-रिक्शा चालक थे और अपने वाहन के सहारे परिवार का भरण-पोषण करते थे. रविवार तड़के सड़क किनारे शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए.

घर नहीं लौटने पर शुरू हुई तलाश

परिजनों के अनुसार निराला यादव शनिवार शाम करीब पांच बजे ई-रिक्शा लेकर घर से निकले थे. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग चिंतित हो उठे. पहले परिचितों और रिश्तेदारों से संपर्क किया गया, फिर आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू हुई. इसी बीच रात करीब तीन बजे हत्या की सूचना मिली. घटनास्थल पर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि निराला यादव खून से लथपथ अवस्था में मुंह के बल पड़े हुए थे, जबकि उनका ई-रिक्शा सड़क से नीचे नाले की दिशा में खड़ा था.

आखिरी बातचीत बनी जांच का केंद्र

मृतक के छोटे भाई रतन यादव ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे निराला यादव की पत्नी से उनकी फोन पर बातचीत हुई थी. बातचीत के दौरान उन्होंने केवल इतना कहा था कि “ठीक है, अभी रखो. ” इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और उनसे दोबारा संपर्क नहीं हो सका. पुलिस अब इस आखिरी कॉल की डिटेल खंगाल रही है और इसे जांच का महत्वपूर्ण सुराग मान रही है.

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधि की तलाश

परिजनों ने आशंका जताई है कि अपराधियों ने पीछे से गोली मारकर हत्या की है. वहीं पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. जांच के दौरान एक युवक के हथियारनुमा वस्तु लेकर जाते दिखने की जानकारी भी सामने आई है. हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी सच्चाई

सबौर थानाध्यक्ष बिट्टू कमल ने बताया कि हत्या की घटना की पुष्टि हुई है, लेकिन मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. यह जांच की जा रही है कि हत्या गोली मारकर की गई या किसी धारदार हथियार से हमला किया गया. पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों और हत्या के तरीके को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >