भागलपुर : भागलपुर नगर निगम में विकास योजनाओं के आवंटन को लेकर पार्षदों और निगम प्रशासन के बीच विवाद सामने आया है. वार्डों में योजनाओं की राशि के आवंटन में असमानता का आरोप लगाते हुए पार्षदों ने सोमवार से निगम कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया. पार्षदों का कहना है कि समान विकास के सिद्धांत का पालन नहीं किया जा रहा है और मांग के बावजूद विवादित निविदा पर रोक नहीं लगायी गयी.
दो पार्षद आमरण अनशन पर बैठे
अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर वार्ड 25 के पार्षद गोविंद बनर्जी और वार्ड 2 की पार्षद सोनी देवी बैठी हैं.
स्थायी समिति के सदस्य और वार्ड 30 के पार्षद अभिषेक आनंद ने कहा कि निगम प्रशासन को सभी वार्डों के साथ समान व्यवहार करना चाहिए. विकास योजनाओं के आवंटन में पारदर्शिता बरतने और सभी वार्डों के लिए समान व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है.
जिस वार्ड को सबसे अधिक राशि, उसी आधार पर हो आवंटन की मांग
पार्षदों ने मांग की है कि जिस वार्ड में सबसे अधिक राशि की विकास योजनाएं दी गयी हैं, उसी के अनुरूप अन्य सभी वार्डों में भी योजनाओं की निविदा तत्काल निकाली जाये.
पार्षदों का कहना है कि किसी एक वार्ड को सामान्य से अधिक राशि आवंटित करने से पहले तकनीकी जांच रिपोर्ट तैयार होनी चाहिए. इसके बाद सामान्य समिति और सशक्त स्थायी समिति से अनुमोदन लेकर इसे बजट में पारित कराया जाना चाहिए.
विकास योजनाओं के लिए मिलने वाली राशि की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग
अनशनकारी पार्षदों ने मांग की कि नगर निगम को विकास योजनाओं के लिए मिलने वाली प्रत्येक राशि की जानकारी सामान्य समिति और सशक्त स्थायी समिति की बैठक में दी जाये.
इसके बाद सभी वार्डों को पत्र भेजकर निर्धारित राशि के आधार पर योजनाओं की सूची मांगी जाये, ताकि विकास योजनाओं के आवंटन में समानता और पारदर्शिता बनी रहे.
कई पार्षदों ने अनशन को दिया समर्थन
आमरण अनशन को पार्षद अभिषेक आनंद, रंजीत मंडल, निकेश कुमार, धीरज कुमार, राजकुमार, अमृता राज, शेर खान, मनोज पासवान, पार्षद संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार पासवान, कुमकुम द्विवेदी, अमरकांत मंडल, उमेश मंडल और अशोक पटेल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने समर्थन दिया.
पार्षदों ने कहा कि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
