सुलतानगंज की कुमैठा व नयागांव पंचायत में लगा सहयोग शिविर, मौके पर ही कई समस्याओं का हुआ समाधान
Bhagalpur News : सरकारी दफ्तरों के चक्कर खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम. सुलतानगंज के दो पंचायतों में लगे सहयोग शिविर में लोगों की समस्याएं मौके पर ही सुनी गईं और कई मामलों का तत्काल समाधान भी किया गया.
सुलतानगंज, भागलपुर से डबलू की रिपोर्ट
Bhagalpur News : भागलपुर जिले के सुलतानगंज प्रखंड अंतर्गत कुमैठा और नयागांव पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. डीसीएलआर भागलपुर की देखरेख में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं और कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया.
विभिन्न विभागों के लगाये गये स्टॉल
शिविर में भूमि विवाद, भू-लगान, काबिल लगान, रास्ता विवाद, अतिक्रमण, कृषि, बाल विकास परियोजना, पीएचईडी, स्वास्थ्य, मनरेगा, डेयरी, मत्स्य, शिक्षा, पंचायती राज, राजस्व, श्रम संसाधन, कल्याण, खाद्य आपूर्ति एवं सहकारिता विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए थे. इन स्टॉलों पर ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए.
ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान
शिविर में मौजूद अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया. इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली और लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की. कई लंबे समय से लंबित मामलों का भी निपटारा किया गया.
अधिकारियों की रही सक्रिय मौजूदगी
शिविर में डीसीएलआर, बीडीओ, सीओ, बीईओ, बीसीओ, सीडीपीओ सहित सभी विभागों के प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद थे. सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई की और आवश्यक निर्देश दिए.
जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में अहम पहल
यह सहयोग शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. प्रशासन ने कहा कि ऐसे शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे ताकि लोगों को उनके ही क्षेत्र में सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके.