भागलपुर के सुलतानगंज से शुभंकर की रिपोर्ट,
जिले के सुलतानगंज नगर परिषद कार्यालय में 28 अप्रैल को हुई चर्चित दोहरे हत्याकांड की घटना के बाद शहर के जागरूक नागरिकों और बुद्धिजीवियों ने स्थानीय राजनीति में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में पहल शुरू कर दी है. शनिवार को बड़ी दुर्गा स्थान परिसर में महत्वपूर्ण बैठक की गई. शहर के विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों से आए करीब 25 बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए. अध्यक्षता रंजीत प्रसाद चौधरी ने की. बैठक में उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि भविष्य में होने वाले किसी भी स्थानीय चुनाव में वे अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए शहरवासियों को जागरूक करेंगे और एक मजबूत सामाजिक संगठन का गठन करेंगे.स्वच्छ छवि, ईमानदार, कर्मठ, निर्भीक व्यक्तियों को उम्मीदवार बनाने का निर्णय
इस संगठन के माध्यम से स्वच्छ छवि, ईमानदार, कर्मठ, निर्भीक और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तियों का चयन कर उन्हें उम्मीदवार बनाया जाएगा तथा उनके पक्ष में जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया जाएगा. वक्ताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का चयन केवल राजनीतिक दलों या जातीय समीकरणों के आधार पर नहीं, बल्कि उनके चरित्र, कार्यक्षमता और समाज के प्रति समर्पण को देखकर होना चाहिए. यदि योग्य और ईमानदार लोग जनप्रतिनिधि बनकर आगे आएंगे तो शहर का समुचित विकास होगा और समाज में अमन-चैन तथा सौहार्द का वातावरण कायम रहेगा. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न मोहल्लों, वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर इसी प्रकार की बैठकों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा.लोगों को जागरूक कर स्वच्छ एवं जवाबदेह जनप्रतिनिधियों के चयन के लिए प्रेरित किया जाएगा.
