तेज बारिश से सीएमएस स्कूल का ग्राउंड बन गया तालाब, पानी में बच्चों ने खूब खेला फुटबॉल
Bhagalpur News : भागलपुर में हुई तेज बारिश ने शहर की सड़कों और स्कूल परिसरों को पानी-पानी कर दिया. कहीं बच्चे बारिश के पानी में फुटबॉल खेलते नजर आये, तो कहीं स्कूली छात्र जूते हाथ में लेकर भींगते हुए घर लौटते दिखे.
भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट
Bhagalpur News : भागलपुर में शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी. कई इलाकों में जलजमाव हो गया, जबकि आदमपुर चौक के पास स्थित सीएमएस स्कूल का मैदान पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गया. बारिश के बीच बच्चों ने पानी से भरे मैदान में फुटबॉल खेलकर मौसम का लुत्फ उठाया. वहीं स्कूल से छुट्टी के बाद कई छात्र सड़क पर जमा पानी के बीच जूते हाथ में लेकर घर जाते नजर आये.
बच्चों ने बारिश का उठाया लुत्फ
तेज बारिश के कारण सीएमएस स्कूल का ग्राउंड पूरी तरह पानी से भर गया. मैदान में इतना पानी जमा हो गया कि वह तालाब जैसा दिखाई देने लगा.इसके बावजूद बच्चों का उत्साह कम नहीं हुआ. कई छात्र फुटबॉल लेकर मैदान में उतर गये और बारिश के पानी के बीच जमकर फुटबॉल खेलते नजर आये.बारिश और जलजमाव के बीच बच्चों का खेल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा.
सड़क पर पानी, हाथ में जूते लेकर निकले बच्चे
बारिश के बाद शहर की कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गयी. स्कूल की छुट्टी होने पर छात्र-छात्राओं को पानी भरी सड़कों से होकर गुजरना पड़ा.कई बच्चे अपने स्कूली जूते हाथ में लेकर भींगते हुए घर जाते दिखे. सड़क पर पानी जमा होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई.
स्टेशन परिसर में भी हुआ जलजमाव
तेज बारिश का असर भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर में भी देखने को मिला. स्टेशन के आसपास पानी जमा हो गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.शहर के कई निचले इलाकों में भी जलनिकासी की समस्या सामने आयी.
बारिश ने दिलायी गर्मी से राहत
हालांकि बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली. कई दिनों से पड़ रही तेज धूप के बाद मौसम सुहाना हो गया.लोगों ने बारिश का आनंद लिया, लेकिन जलजमाव और खराब निकासी व्यवस्था ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल भी खड़े कर दिये.