बीपीएससी टीचर्स के इंक्रीमेंट पर लगी मुहर, इन शिक्षकों को मिलेगा डबल लाभ

BPSC Teacher News: लंबे इंतजार के बाद बीपीएससी से चयनित भागलपुर जिले के 5867 शिक्षकों के लिए राहत की खबर है. जिला शिक्षा विभाग ने इंक्रीमेंट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जिसे चार दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है.

BPSC Teacher News: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) से चयनित शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है. भागलपुर जिले के 5867 शिक्षकों के लंबे समय से लंबित इंक्रीमेंट लगाने की प्रक्रिया आखिरकार शुरू हो गई है. जिला शिक्षा विभाग और जिला स्थापना शाखा इसे तेजी से पूरा कराने में जुटी हुई है.

जानकारी के मुताबिक, यह काम अब युद्ध स्तर पर किया जा रहा है. लक्ष्य है कि चार दिनों के भीतर पूरे जिले के सभी शिक्षकों का इंक्रीमेंट अपडेट कर दिया जाए. इससे शिक्षकों को हो रहे आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सकेगी.

3316 शिक्षकों को मिलेंगे दो-दो इंक्रीमेंट

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, टीआरई-1 के तहत चयनित 3316 शिक्षकों को दो-दो इंक्रीमेंट मिलेंगे. वहीं टीआरई-2 के 1738 शिक्षकों को भी दो इंक्रीमेंट दिए जाएंगे. टीआरई-3 के तहत चयनित 813 शिक्षकों को एक इंक्रीमेंट मिलेगा.

जिला स्थापना शाखा के बड़े बाबू ने बताया कि इस बार इंक्रीमेंट को सीधे वेतन भुगतान से जोड़ा गया है. इसी वजह से काम में तेजी लाई गई है. उन्होंने कहा कि अब तक जिले के आठ प्रखंडों में लगभग 40 प्रतिशत शिक्षकों का इंक्रीमेंट लगाया जा चुका है.

शिक्षकों को हर महीने तीन से चार हजार रुपये तक का होता था नुकसान

इन शिक्षकों के वेतन बिल ट्रेजरी भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. आने वाले दिनों में बाकी प्रखंडों का काम भी पूरा कर लिया जाएगा. इंक्रीमेंट नहीं मिलने के कारण शिक्षकों को हर महीने तीन से चार हजार रुपये तक का नुकसान हो रहा था. इसे लेकर शिक्षकों में लंबे समय से नाराजगी थी. कई बार इस मुद्दे को विभाग के सामने भी उठाया गया था.

सर्वर स्लो होने की वजह से आ रही है परेशानी

जिला शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एचआरएमएस पोर्टल पर एक-एक कर इंक्रीमेंट अपडेट किया जा रहा है. सर्वर स्लो होने की वजह से थोड़ी परेशानी जरूर आ रही है, लेकिन इस बार किसी भी हाल में प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. बता दें कि बिहार के 37 जिलों में यह काम पहले ही पूरा हो चुका था. इस मामले में भागलपुर जिला सबसे पीछे चल रहा था. अब यहां भी प्रक्रिया शुरू होने से शिक्षकों में खुशी और राहत का माहौल है.

Also Read: बिहार में चलेंगी ठंडी हवाएं, 31 जनवरी को बदलेगा मौसम, IMD ने जारी किया अलर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >