भागलपुर में BJP नेता पप्पू तांती हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: परिजनों को धमकी देने वाली वार्ड पार्षद दीपिका गिरफ्तार, भेजी गईं जेल

भागलपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू तांती हत्याकांड में एक बड़ी कार्रवाई हुई है. पुलिस ने मुख्य आरोपी शशि मोदी की पत्नी और वार्ड संख्या 51 की पार्षद दीपिका कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है. उन पर घटना से पहले और बाद में धमकी देने का आरोप है.

भागलपुर. बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज मोहदीनगर निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष उमाभूषण उर्फ पप्पू तांती हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपित शशि मोदी की पत्नी और वार्ड संख्या 51 की पार्षद दीपिका कुमारी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दीपिका को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पप्पू तांती के परिजनों ने दीपिका पर घटना से पहले और बाद में धमकी देने का आरोप लगाया था. पुलिस जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई किये जाने की बात एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कही है.

परिजनों को धमकी देने के आरोप की जांच के बाद हुई गिरफ्तारी

पप्पू तांती के परिजनों का आरोप था कि घटना से पहले वार्ड पार्षद दीपिका कुमारी की ओर से उन्हें अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की धमकी दी गयी थी. हत्या के बाद भी इसी तरह की धमकी दिये जाने का आरोप लगाया गया.

मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव तक पहुंचने के बाद पुलिस स्तर से आरोपों की जांच की गयी. पुलिस के अनुसार जांच में आरोप सत्य पाए जाने के बाद दीपिका को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया.

न्यायालय में पेशी के बाद भेजी गयी जेल

गिरफ्तारी के बाद बबरगंज थाना पुलिस ने दीपिका कुमारी को न्यायालय में प्रस्तुत किया. न्यायालय के आदेश के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

मुख्य आरोपित शशि मोदी समेत अन्य अब भी फरार

पप्पू तांती हत्याकांड में मुख्य आरोपित शशि मोदी, उसका भांजा कृष्णा मोदी और एक अन्य अज्ञात आरोपित घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार आरोपित अपने स्थायी ठिकाने से फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

11 सितंबर को दिनदहाड़े हुई थी पप्पू तांती की हत्या

बबरगंज थाना क्षेत्र के कुम्हार टोला के पास 11 सितंबर को दिनदहाड़े भाजपा के श्रीनारायण साह मंडल क्षेत्र के अध्यक्ष कुतुबगंज वार्ड संख्या 51 के महादेव तालाब निवासी उमाभूषण उर्फ पप्पू तांती (53) की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी.

बताया गया कि दो शूटरों ने पीछे से पप्पू तांती को दो गोलियां मारी थीं. शुक्रवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच गणेश पूजा आयोजन को लेकर सदस्यों से बातचीत करने के बाद वह लौट रहे थे. इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया.

तीन एंगल पर पुलिस कर रही हत्याकांड की जांच

सूत्रों के अनुसार पुलिस पप्पू तांती हत्याकांड की जांच मुख्य रूप से तीन बिंदुओं को सामने रखकर कर रही है. इनमें पूजा समिति से जुड़ा विवाद, मंडल अध्यक्ष पद और प्लॉटिंग से संबंधित विवाद शामिल हैं.

परिजनों के अनुसार इन मुद्दों को लेकर पप्पू तांती और शशि मोदी के बीच पहले से खींचतान चल रही थी. बताया गया कि वर्ष 2025 में शशि मोदी की नौकरी खगड़िया में लगने के बाद पप्पू तांती भाजपा मंडल अध्यक्ष और काली पूजा समिति के अध्यक्ष बने थे. आरोप है कि शशि मोदी चाहता था कि खगड़िया से ही काली पूजा समिति का संचालन करे और पप्पू तांती उसकी इच्छा के अनुसार काम करें. पप्पू तांती इसके लिए तैयार नहीं थे.

मंदिर निर्माण को लेकर भी चल रहा था काम

परिजनों के अनुसार घटना से पहले मंदिर निर्माण का काम चल रहा था और पप्पू तांती इसमें सक्रिय रूप से जुटे थे. इसी दौरान शशि मोदी और उसके भांजे की ओर से उन्हें बार-बार धमकी दिये जाने का भी आरोप लगाया गया था. पुलिस इन सभी बिंदुओं को हत्याकांड की जांच के दौरान खंगाल रही है.

एसएसपी बोले, जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर हुई कार्रवाई

एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि पप्पू तांती हत्याकांड से पूर्व और बाद में दीपिका कुमारी पर धमकी देने का आरोप सामने आया था. उन्होंने कहा कि जांच के बाद आरोप सत्य पाया गया, जिसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गयी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋषव मिश्रा कृष्णा

ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >