– प्रक्षेत्र के एक किलोमीटर एरिया में मुर्गे-मुर्गियों के बिक्री पर प्रतिबंध, इस क्षेत्र के मुर्गे-मुर्गियों को मारा जायेगा- जिलाधिकारी, पशुपालन पदाधिकारी व सहायक निदेशक कुक्कुट प्रक्षेत्र को आया सचिव का पत्र
ललित किशोर मिश्र
भागलपुर : बरारी कुक्कुट प्रक्षेत्र में पल रही मुर्गे-मुर्गियों में बर्ड-फ्लू पाया गया है. पुष्टि रिपोर्ट आ चुकी है. मुख्यालय से विभागीय सचिव का पत्र जिलाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी व सहायक निदेशक कुक्कुट प्रक्षेत्र को आया है. सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय से ज्वाइंट आर्डर निकाले जाने की उम्मीद है. दो अप्रैल से प्रक्षेत्र में लगातार मुर्गे-मुगियों की मौत के बाद सात अप्रैल को सैंपल पशु स्वास्थ्य एवं उत्पाद संस्था पटना व आरडीडीएल कोलकाता भेजा गया था. सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आई एथेजनिक एनिमल डिजिज लेबोरेट्री भोपाल भेजा गया था, जहां बर्ड-फ्लू की पुष्टि हुई. जिसके बाद विभाग के अधिकारियों ने भागलपुर के अधिकारियों को रिपोर्ट भेजा.– प्रक्षेत्र में लगातार हो रही मौत
बर्ड-फ्लू की रिपोर्ट आने के बाद हडकंप मच गया है. अब प्रक्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे की मुर्गे-मुर्गियों को मारा जायेगा. इस दायरे में आने वाली दुकानों को बंद किया जायेगा. प्रक्षेत्र में लगभग ढाई हजार से अधिक मुर्गे-मुर्गियां थीं. दो अप्रैल के बाद इनमें से अधिकांश की मौत हो चुकी है. मंगलवार को पटना से एलआरएस की टीम प्रक्षेत्र पहुंचेगी. दो साल पहले भी प्रक्षेत्र में बर्ड-फ्लू फैला था. जिसके बाद प्रक्षेत्र की सारे मुर्गे-मुर्गियों को मार दिया गया था. उसके बाद मुख्यालय के आदेश के बाद पूरे प्रक्षेत्र को बंद कर दिया गया था. पिछले साल मुख्यालय के आदेश के बाद प्रक्षेत्र को खोला गया. उसके बाद प्रक्षेत्र को क्लीन कर कटक से अंडा मंगा कर उसे हैचरी मशीन में रखकर चूजा तैयार किया गया था. उसके बाद वहीं चूजा मुर्गे-मुर्गिया बनकर तैयार हो रहा था. होली के पहले पटना में बर्ड- फ्लू फैलने के बाद बरारी कुक्कुट प्रक्षेत्र में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दिया गया था.
– प्रक्षेत्र के आम व लीची के फल का नहीं हुआ था इस बार डाक
अधिकारियों ने एहतियातन इस सीजन में प्रक्षेत्र परिसर स्थित आम लीची के पेड़ की बोली नहीं लगायी थी. बताया जा रहा है कि ऐसा पहली बार हुआ जब प्रक्षेत्र के आम व लीची की बोली नहीं लगी. यह कदम मुर्गे व मुर्गियों को बीमारी से बचाने के इरादे से उठाया गया था. – बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद मंगलवार को पटना से टीम पहुंचने की संभावना है. जिसके बाद सभी आवश्यकत कदम उठाये जायेंगे.
डॉ अरविंद कुमार, सहायक निदेशक कुक्कुट प्रक्षेत्र बरारी, भागलपुर.