भागलपुर जिला परिषद की विकास योजनाओं पर लगी रोक: पदाधिकारियों के तबादले से काम ठप

Bhagalpur Zila Parishad Development Schemes: भागलपुर जिला परिषद में मुख्य पदाधिकारियों के अचानक तबादले से सभी विकास योजनाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं. अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण प्रशासनिक ढांचा बेपटरी है और चुनाव नजदीक आने से पार्षदों में बेचैनी बढ़ गई है.

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट

Bhagalpur Zila Parishad Development Schemes: भागलपुर जिला परिषद की तमाम विकास योजनाओं पर इन दिनों पूरी तरह रोक लग गई है. जिला परिषद में यह गतिरोध किसी तकनीकी या वित्तीय कारण से नहीं, बल्कि मुख्य पदाधिकारियों के अचानक हुए तबादले की वजह से पैदा हुआ है. अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण परिषद का पूरा प्रशासनिक ढांचा फिलहाल बेपटरी हो गया है.

परिषद में एक भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं

पिछले महीने जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार सिंह का स्थानांतरण हो गया था. इसके कुछ ही दिनों बाद जिला परिषद के कार्यपालक अभियंता का भी तबादला कर दिया गया. इन दोनों महत्वपूर्ण पदों के खाली होने से वर्तमान में कार्यालय के भीतर नीतिगत फैसले लेने वाला कोई अधिकारी मौजूद नहीं है.

दफ्तरों में धूल फांक रही हैं फाइलें

अधिकारियों के न होने का सीधा असर रोजाना के कामकाज पर पड़ रहा है. दफ्तर में समीक्षा और हस्ताक्षर के लिए रखी गई विकास योजनाओं की एक भी फाइल आगे नहीं बढ़ पा रही है. जिला परिषद के कर्मियों का कहना है कि जब तक नए डीडीसी यहां आकर अपना पदभार ग्रहण नहीं कर लेते, तब तक किसी भी नई या पुरानी योजना को हरी झंडी मिलना मुश्किल है.

चुनाव नजदीक आते देख पार्षदों में बढ़ी बेचैनी

इस प्रशासनिक शून्यता के बीच सबसे ज्यादा परेशानी जिला परिषद के सदस्यों को झेलनी पड़ रही है. कुछ ही महीनों के बाद जिला परिषद के चुनाव होने वाले हैं. चुनाव नजदीक होने और अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्य पूरी तरह रुक जाने के कारण सभी पार्षद काफी मानसिक तनाव और असमंजस से गुजर रहे हैं.

मुख्यमंत्री को लिखा गया है पत्र

इधर, प्रशासनिक स्तर पर नए डीडीसी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति को लेकर दूर-दूर तक कोई सुगबुगाहट नजर नहीं आ रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए खरीक उत्तरी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य गौरव राय ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए सीधे मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गुहार लगाई गई है.

Bhagalpur Zila Parishad Development Schemes: जल्द बहाली से योजनाओं को मिलेगी गति

पार्षदों का कहना है कि यदि सरकार द्वारा जल्द से जल्द यहां नए पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी जाती है, तो रुके हुए विकास कार्यों को दोबारा रफ्तार मिल सकेगी. इससे वे चुनाव से पहले अपने क्षेत्रों में लंबित योजनाओं को पूरा कर जनता के बीच जा सकेंगे. फिलहाल सभी की नजरें नए अधिकारियों के आने पर टिकी हैं.

इसे भी पढ़ें:  बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

इसे भी पढ़ें:  बिना पटना जंक्शन गए पहुंचेंगे बिहारशरीफ, नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन का काम पूरा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >