Bhagalpur Railway News: भागलपुर रेलवे जंक्शन के आसपास रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. गुमटी नंबर-1 से गुमटी नंबर-3 तक नई डबल शंटिंग लाइन बिछाने का काम पूरा होने के बाद अब रेलवे 30 जुलाई को दो नंबर रेलवे गुमटी के पास 10 घंटे का ब्लॉक लेकर जमीन के अंदर प्रीकास्ट सीमेंट बॉक्स स्थापित करेगा. इस दौरान गुमटी से होकर गुजरने वाला रास्ता अस्थायी रूप से बंद रहेगा. रेलवे ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं.
ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में होगा अहम काम
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गुमटी नंबर-1 और गुमटी नंबर-2 के पास प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण के लिए यह कार्य बेहद महत्वपूर्ण है.
30 जुलाई को ब्लॉक के दौरान भारी मशीनों की मदद से जमीन के अंदर प्रीकास्ट सीमेंट बॉक्स (बॉक्स स्ट्रक्चर) स्थापित किया जाएगा. इसके बाद ओवरब्रिज निर्माण के अगले चरण का रास्ता साफ होगा.
10 घंटे तक प्रभावित रहेगी आवाजाही
निर्माण कार्य के दौरान दो नंबर रेलवे गुमटी के आसपास से आने-जाने वाले मार्ग को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा.
रेलवे ने संबंधित विभागों को ब्लॉक की सूचना भेज दी है, ताकि यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम पहले से किए जा सकें. स्थानीय लोगों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना पड़ सकता है.
रेलवे अधिकारी ने दी जानकारी
आईओडब्ल्यू ओपी भगत ने बताया कि दो नंबर रेलवे गुमटी के पास सीमेंट का बॉक्स स्थापित करने के लिए 10 घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभागों को पत्र भेज दिया गया है और निर्माण कार्य की सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.
नई शंटिंग लाइन से प्लेटफॉर्म पर कम होगा दबाव
भागलपुर में गुमटी नंबर-1 से गुमटी नंबर-3 तक डबल शंटिंग लाइन का काम पूरा हो चुका है.
रेलवे की योजना है कि बाहर से आने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के रैक को वॉशिंग के बाद सीधे शंटिंग लाइन में रखा जाएगा. इससे प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों के रैक लंबे समय तक खड़े नहीं रहेंगे और अन्य ट्रेनों के परिचालन में आसानी होगी.
Bhagalpur Railway News: यात्रियों को मिलेगा बेहतर रेल संचालन का लाभ
रेलवे अधिकारियों के अनुसार डबल शंटिंग लाइन और प्रस्तावित ओवरब्रिज परियोजना पूरी होने के बाद भागलपुर जंक्शन पर रेल परिचालन अधिक व्यवस्थित होगा. ट्रेनों की आवाजाही सुचारु होगी, प्लेटफॉर्म की उपलब्धता बढ़ेगी और भविष्य में परिचालन क्षमता में भी सुधार होगा.
हालांकि 30 जुलाई को निर्माण कार्य के दौरान कुछ घंटों तक स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती
