भागलपुर की प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) टीम को राज्यस्तरीय दो दिवसीय कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन और सफल क्रियान्वयन के लिए सम्मानित किया गया. तिमाही गौरव श्रेणी के अंतर्गत एससीईआरटी बिहार और बिहार शिक्षा परियोजना परिषद (बीईपीसी) द्वारा संयुक्त रूप से जिला भागलपुर की पीबीएल टीम को प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया. सम्मानित होने वालों में जिला भागलपुर के पीबीएल टीम के जिला संभाग प्रभारी रविश चंद्रा, जिला तकनीकी सदस्य चंदन कुमार और अमित कुमार शामिल हैं. पटना में आयोजित विशेष समारोह के दौरान टीम के सदस्यों को यह सम्मान प्रदान किया गया. समारोह में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि और कार्यशाला में शामिल प्रतिभागी मौजूद रहे. राज्यस्तरीय कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग को प्रभावी ढंग से लागू करना, शिक्षकों की क्षमता का विकास करना और विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, समस्या समाधान क्षमता तथा व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देना रहा. भागलपुर जिले की टीम ने नवाचार, सतत प्रयास और प्रभावी कार्यान्वयन के माध्यम से राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई. शिक्षा विभाग के अधिकारियों और सहयोगियों ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि भागलपुर जिले की यह उपलब्धि अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
