भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट
भागलपुर : बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में 27 और 28 जून को दो दिवसीय मैंगो प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा. कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में आम की 500 से अधिक किस्मों को प्रदर्शित किया जायेगा. आयोजन में राज्यपाल के शामिल होने की संभावना भी जतायी जा रही है. प्रदर्शनी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं.
विवि की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रीति सिंह ने बताया कि मैंगो प्रदर्शनी का उद्घाटन 27 जून को होगा, जबकि समापन 28 जून को किया जायेगा. इस दौरान आम की विभिन्न दुर्लभ और लोकप्रिय किस्मों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जायेगा.पहली बार दूसरे राज्यों के आम भी होंगे शामिल
विश्वविद्यालय में हर वर्ष मैंगो प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है, जिसमें आम की विभिन्न किस्मों का प्रदर्शन किया जाता है. इस बार आयोजन को और भव्य बनाने की तैयारी है. पहली बार उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न किस्मों के आम भी प्रदर्शनी में शामिल किये जायेंगे. इसके अलावा बिहार के कई जिलों से भी आम की विशेष किस्में लायी जायेंगी.डॉ. प्रीति सिंह ने बताया कि हाल में आये तूफान से विश्वविद्यालय परिसर में लगे कई आम के पेड़ों और फलों को नुकसान पहुंचा था. इसके बावजूद प्रदर्शनी की तैयारियों पर कोई असर नहीं पड़ा है और आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है.
