Bhagalpur Mandi Update: भागलपुर की थोक और खुदरा मंडियों में इस सप्ताह अधिकांश खाद्य पदार्थों की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं. हालांकि तेलहन और कुछ दलहनों में तेजी देखने को मिली है. वहीं सर्राफा बाजार में सोने और चांदी के दाम लगातार उतार-चढ़ाव के बीच ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं. स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि आगामी शादी-ब्याह के सीजन और बाजार की मांग के अनुसार आने वाले दिनों में कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है.
सर्राफा बाजार में सोना-चांदी के भाव ऊंचे स्तर पर
भागलपुर के सर्राफा बाजार में पिछले 27 दिनों से सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है. गुरुवार को सोने की कीमत में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि चांदी के भाव में मामूली नरमी आई. शुक्रवार से सोमवार तक दोनों धातुओं की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं.
वर्तमान थोक बाजार के अनुसार 24 कैरेट सोना 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोना 1.31 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.35 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है.
दाल और अनाज के दाम फिलहाल स्थिर
भागलपुर की मंडियों में चना और मसूर दाल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, जबकि अरहर दाल में हल्की तेजी देखी जा रही है. मूंग और कलाई दाल के दाम भी लगभग पुराने स्तर पर हैं.
मौजूदा बाजार भाव के अनुसार चना और मसूर दाल 72 रुपये प्रति किलो, अरहर दाल 120 से 130 रुपये, मूंग दाल 98 रुपये, कलाई दाल 105 से 115 रुपये और आटा 35 रुपये प्रति किलो बिक रहा है.
कतरनी चावल की कीमत गुणवत्ता पर निर्भर
अनाज बाजार में कतरनी चावल की कीमत गुणवत्ता के अनुसार 80 से 160 रुपये प्रति किलो तक है. वहीं स्वर्णा चावल 40 रुपये प्रति किलो के भाव पर उपलब्ध है. कतरनी चूड़ा 110 से 130 रुपये प्रति किलो बिक रहा है. चीनी के 50 किलो पैकेट की कीमत बढ़कर 2380 रुपये हो गई है, जो पहले 2350 रुपये थी.
खाद्य तेलों में बढ़ी महंगाई
तेलहन बाजार में लगातार तेजी का रुख बना हुआ है. तीन महीने पहले 15 लीटर मंगल तेल का डिब्बा 2475 रुपये में मिल रहा था. इसके बाद इसकी कीमत 2700 रुपये हुई और अब यह 2800 रुपये तक पहुंच गई है.
रिफाइंड पाम तेल की कीमत पिछले दो महीनों से 13 लीटर के डिब्बे पर 2350 से 2450 रुपये के बीच बनी हुई है. वहीं 15 किलो वनस्पति घी का जार 2160 रुपये में बिक रहा है.
आगे भी बदल सकते हैं बाजार के भाव
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में शादी-विवाह का सीजन शुरू होने के साथ मांग बढ़ेगी. यदि आपूर्ति प्रभावित हुई तो सोना, चांदी और कुछ खाद्य वस्तुओं के दामों में और तेजी आ सकती है. कारोबारियों का मानना है कि बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखना जरूरी होगा.
Bhagalpur Mandi Update: उपभोक्ताओं पर क्या पड़ेगा असर
फिलहाल दाल और अनाज के स्थिर दाम आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर हैं, लेकिन खाद्य तेल और सर्राफा बाजार में बनी महंगाई घरेलू बजट पर असर डाल सकती है. यदि आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी होती है तो इसका सीधा प्रभाव आम परिवारों और कारोबारियों दोनों पर पड़ेगा.
इसे भी पढ़ें: सुपौल-दरभंगा NH कॉरिडोर को मिली मंजूरी, मिथिलांचल और सीमांचल के बीच बनेगा नया हाईवे, इन जिलों को होगा फायदा
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
