सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में शनिवार से भागलपुर क्रिकेट लीग (बीसीएल) सीजन चार का आयोजन किया गया. फाइनल मैच 13 जनवरी को खेला जायेगा. पहले दिन दो मैच खेला गया. उद्घाटन मैच में बटेश्वर पलटन ने करनगढ़ किंग्स इलेवन को छह विकेट व दूसरे मैच में त्रिलोकिनाथ टाइगर्स ने बुधनाथ चैंपियंस को 49 रनों से हराया. समरकांत ने घातक गेंदबाजी से किंग्स इलेवन को किया चलता पहले मैच में बटेश्वर पलटन के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. समर कांत ने घातक गेंदबाजी करते हुए किंग्स इलेवन को सस्ते में चलता किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए करनगढ़ किंग्स इलेवन टीम ने 17.4 ओवर में 90 रन बनाकर ऑलआउट हो गयी. बल्लेबाजी में ओम केशव ने 27, अमित दुर्गेश कुमार ने 13 व शुभम अनिल कुमार ने नौ रनों का योगदान दिया. बटेश्वर पलटन की तरफ से गेंदबाजी में समर कांत ने 3.4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट झटके. राजेश भारती ने दो, विवेक सुबोध कुमार ने चार विकेट चटकाये. लक्ष्य का पीछा करने उतरी बटेश्वर पलटन की टीम ने संतुलित और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 10.2 ओवर में चार विकेट खोकर जीत के लिए जरूरी रन जुटा लिया. बल्लेबाजी में हर्ष ने 28, सचिन कपिलदेव भारद्वाज ने 26 व विनीत चौधरी ने 19 रनों का योगदान दिया. मैच में अंपायर सुनील सिंह व मनोज कुमार थे. स्कोरर अंकित अमृत राज व हिमांशु राज थे. सचिन कुमार ने पांच विकेट लेकर मैच का रुख बदला त्रिलोकिनाथ टाइगर्स के गेंदबाज सचिन दिलीप कुमार ने पांच विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया. लिहाजा बुधनाथ चैंपियंस को 49 रनों से पराजित किया. त्रिलोकिनाथ टाइगर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया. टीम ने 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 177 रन बनाये. बल्लेबाजी में अमन कुमार सिंह ने 40, दिव्यांशु ने नाबाद 31 व कमल कुमार ने 33 रनों का योगदान दिया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुधनाथ चैंपियंस की टीम ने 18 ओवर में 128 रन पर ऑलआउट हो गयी. बल्लेबाजी में पीयूष कुमार 18 रन व राजा ने 15 रनों का योगदान दिया. लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
