bhagalpur news. बीसीए सीनियर वन डे ट्रॉफी में बांका की 41 रन से जीत, आदित्य कुमार बने प्लेयर ऑफ द मैच

बीसीए ट्रॉफी में बांका की जीत.

—आज होगा जमुई बनाम लखीसराय मुकाबला

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से सैंडिस कंपाउंड में आयोजित बीसीए मेंस सीनियर वन डे ट्रॉफी 2025-26 के लीग मुकाबले में शुक्रवार को बांका की टीम ने जमुई को 41 रनों से पराजित किया. टॉस जीतकर जमुई मेंस सीनियर ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए बांका की टीम 39.4 ओवर में 241 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी. टीम की ओर से हिमांशु सिंह ने 46 गेंदों पर 57 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि आदित्य कुमार ने 30 गेंदों पर 41 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. अतिरिक्त के रूप में टीम को 34 रन प्राप्त हुए. जमुई की ओर से कमलेश कुमार सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 50 रन देकर पांच विकेट हासिल किये.

242 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमुई की टीम 44 ओवर में 200 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी. जमुई की ओर से मो शमशाद तौफीक ने 55 गेंदों पर 75 रन और सचिन कुमार भारद्वाज ने 53 गेंदों पर 33 रन बनाये, लेकिन टीम लक्ष्य से 41 रन पीछे रह गयी. बांका की ओर से मो राशिद रजा ने 10 ओवर में 35 रन देकर चार विकेट, आदित्य कुमार ने आठ ओवर में 41 रन देकर तीन विकेट और हिमांशु सिंह ने दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभायी. हरफनमौला प्रदर्शन 41 रन व तीन विकेट के लिए आदित्य कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया. मैच के अंपायर वेद प्रकाश व अमरेंद्र पांडेय थे, जबकि स्कोरर के रूप में अंकित राज और शिवम कुमार ने जिम्मेदारी निभायी. ऑब्जर्वर के रूप में एमसीए लेवल-टू कोच संजय कुमार मौजूद थे. शनिवार का मुकाबला जमुई बनाम लखीसराय के बीच खेला जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >