Bhagalpur News. हबीबपुर में बनकर तैयार हुआ आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नये साल में स्थानीय लोगों को मिलेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं

आयुष्मान आरोग्य मंदिर हबीबपुर.

-राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश के बाद बिहार सरकार की एजेंसी बीएमएसआइसीएल ने कराया निर्माण, नेशनल हेल्थ मिशन के तहत मिलेगी सारी स्वास्थ्य सुविधाएं

जिले में स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है. अस्पतालों को अपग्रेड कर स्वास्थ्य की आधुनिक सुविधा मरीजों को दी जायेगी. मुफ्फसिल क्षेत्र के लोगों को अब शहर जाने की मजबूरी नहीं रहेगी. इसी क्रम में राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश के बाद बिहार सरकार की एजेंसी बीएमएसआइसीएल ने हबीबपुर मुख्य मार्ग पर 42 लाख की लागत से आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण कराया गया है. हालांकि, हैंडओवर नहीं होने के कारण स्थानीय मरीजों को नये साल में स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलने लगेगी.

शहरी स्वास्थ्य केंद्र पर घटेगा मरीजों का लोड

नेशनल हेल्थ मिशन के तहत यह सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है. फिलहाल स्थानीय लोगों मामूली रोग का भी इलाज कराने लिए लंबी दूरी तय करना पड़ता है. इस अस्पताल के शुरू हो जाने के बाद चिकित्सा सुविधा के साथ जांच व दवा उपलब्ध हो जायेगी. मुफ्फसिल क्षेत्र व अन्य स्थानीय अस्पताल में बेहतर इलाज की सुविधा मिलने से शहरी अस्पतालों का लोड घटेगा. स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी की मानें तो यहां नेशनल हेल्थ मिशन के तहत गैर संचारी रोग, टीकाकरण, टीबी, गर्भवती महिला, ओपीडी सुविधा समेत अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी. अभी पुराने स्वास्थ्य केंद्र में एमबीबीएस चिकित्सक कार्यरत हैं. बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए अन्य स्वास्थ्यकर्मी व चिकित्सक को बहाल किया जायेगा.

छह बेड वाले अस्पताल का निर्माण कार्य हुआ पूरा

हबीबपुर के लोगों ने बताया कि पहले यहां जर्जर भवन में संसाधन का अभाव था. मो मुन्ना ने बताया कि अब यहां छह बेड वाले नये अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है. इंतजार है सुविधा के शुरू होने का. अंजनी राय ने बताया कि पहले यहां से सदर अस्पताल या मायागंज अस्पताल जाना पड़ता था. अब यहां खासकर बुजुर्ग, बच्चे व महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधा मिलने में आसानी होगी. इस आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जांच घर, ओपीडी, टीकाकरण सेंटर समेत अन्य सुविधा के लिए अलग से व्यवस्था होगी. यहां आसपास क्षेत्र हबीबपुर, दाऊदबाट, पंखा टोली, शाहजंगी, भैरोपुर, गंगटी, अंबे आदि के 20 हजार परिवार को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी.

कोट:-

राज्य स्वास्थ्य समिति ने एजेंसी के माध्यम से अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का निर्माण कराया गया है. एजेंसी की ओर से अब तक हैंडओवर नहीं किया गया है. दिसंबर तक हैंडओवर हो जायेगा. नये साल की शुरुआत से सुविधा मिलने लगेगी.

मणिभूषण झा, डीपीएम, स्वास्थ्य विभाग

—————-

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KALI KINKER MISHRA

KALI KINKER MISHRA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >