12 ज्योतिर्लिंग व 4 धाम की पैदल यात्रा पर निकला कहलगांव का अनुपम, उत्तरवाहिनी गंगा से आज भरेगा संकल्प

Anupam Padayatra : भागलपुर के कहलगांव का 25 वर्षीय शिवभक्त अनुपम आज उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर 12 ज्योतिर्लिंग और चारों धाम की तीन वर्षीय पदयात्रा पर निकलेगा.

कहलगांव, भागलपुर से असद अशरफी की रिपोर्ट

Anupam Padayatra : भागलपुर जिले के कहलगांव का एक युवा अपनी अटूट आस्था और दृढ़ संकल्प से नई मिसाल पेश करने जा रहा है. 25 वर्षीय शिवभक्त अनुपम कुमार रविवार को उत्तरवाहिनी गंगा तट से गंगाजल लेकर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम की तीन वर्षीय पैदल यात्रा पर रवाना होंगे. उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि देश, परिवार और बिहार की खुशहाली के लिए समर्पित है.

उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर शुरू होगी ऐतिहासिक पदयात्रा

अनुपम कुमार रविवार को उत्तरवाहिनी गंगा तट से गंगाजल लेकर अपनी धार्मिक यात्रा की शुरुआत करेंगे. उन्होंने तीन वर्षों में पैदल सभी 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम के दर्शन करने का संकल्प लिया है. इस अनूठी यात्रा को लेकर क्षेत्र के लोगों में भी खासा उत्साह है.

देश के जवानों और बिहार की खुशहाली के लिए लिया संकल्प

अनुपम ने बताया कि उनकी पदयात्रा का उद्देश्य सिर्फ व्यक्तिगत श्रद्धा नहीं है. वे अपने परिवार की सुख-समृद्धि, देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के उत्तम स्वास्थ्य और सुरक्षा तथा बिहार के सर्वांगीण विकास और खुशहाली की कामना के साथ यह यात्रा कर रहे हैं. उनका विश्वास है कि महादेव और मां गंगा के आशीर्वाद से उनका संकल्प अवश्य पूरा होगा.

Anupam Padayatra : पहले चरण में तय करेंगे 1,534 किलोमीटर का सफर

यात्रा के पहले चरण में वर्ष 2026 के दौरान अनुपम बाबा बैद्यनाथ धाम, काशी विश्वनाथ, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम तक पैदल जाएंगे. लगभग 1,534 किलोमीटर की इस यात्रा को वे तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं. इसके लिए प्रतिदिन करीब 25 किलोमीटर पैदल चलेंगे.

तीन वर्षों में पूरी होगी 12 ज्योतिर्लिंग और चारों धाम की यात्रा

दूसरे चरण में वर्ष 2027 के दौरान वे महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, सोमनाथ, नागेश्वर और भीमाशंकर सहित अन्य ज्योतिर्लिंगों की यात्रा करेंगे. इसके बाद वर्ष 2028 में मल्लिकार्जुन, रामेश्वरम सहित शेष ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम की यात्रा पूरी करेंगे.

विदाई को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह

रविवार को उत्तरवाहिनी गंगा तट से अनुपम की विदाई के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और शुभचिंतकों के पहुंचने की संभावना है. स्थानीय लोगों का मानना है कि अनुपम का यह संकल्प युवाओं के लिए आस्था, अनुशासन, धैर्य और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा.

ये भी पढ़ें : मानसून की बेरुखी से भागलपुर बेहाल : सूखे खेत, बढ़ी किसानों की चिंता, धान की खेती पर संकट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Asad ashrafi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >