ब्लॉक ट्रेडिंग एवं आईपीओ के नाम पर कहलगांव के सेवानिवृत्त छोटा दारोगा (एएसआई) से 45 लाख रुपये ठगी करने के मामले में भागलपुर साइबर थाने की पुलिस ने झारखंड के धनबाद से एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपित धनबाद के बरबड्डा थाना के मातेश्वरी टावर फ्लैट नंबर ए 06 निवासी श्रीकांत कुमार सिंह है. जानकारी मिली है कि कुल ठगी के 14 लाख रुपये श्रीकांत के खाते में आये थे. इसी साक्ष्य पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया गया है. आरोपित के बैंक खाते को फ्रीज कर दिया गया है. जबकि उसकी मोबाइल जब्त करने में भी पुलिस को सफलता मिली है. यह भी पता चला है कि श्रीकांत का नेटवर्क पश्चिम बंगाल के कोलकाता के साइबर बदमाशों के गिरोह के साथ है. साइबर पुलिस ने गिरफ्तार आरेापित से सघन पूछताछ की. जानकारी मिली है कि उक्त कांड में सात से आठ अपराधियों की भूमिका है, जबकि इस गिरोह का जुड़ाव भी विदेशों से है. जानकारी मिली है कि कांड सामने आते ही एसएसपी भागलपुर प्रमोद कुमार के निर्देश पर सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह और साइबर डीएसपी सह साइबर थाने के थानाध्यक्ष कनिष्क श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था. पुख्ता साक्ष्य इकट्ठा होने के बाद टीम ने धनबाद में छापेमारी की. इस कांड में पुलिस बिहार झारखंड के अन्य शहरों में भी छापेमारी करेगी. इस तरह रिटायर्ड दारोगा से साइबर बदमाशों ने की थी ठगी झारखंड के गोड्डा जिलेके पड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के देवगंधा गांव के मूलवासी और वर्तमान में कहलगांव में रहने वाले छोटा दारोगा अतुल बिहारी मंडल पिछले वर्ष 30 अप्रैल को ही सेवानिवृत हुए थे. पिछले वर्ष 17 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया और शेयर बाजार का ब्लॉक ट्रेडिंग और आईपीओ की जानकारी दी गयी. इसके बाद उन्हें आईआईएफएल सिक्योरिटीज सी – 4 नाम के एक व्हाटसअप ग्रुप में जोड़ा गया. 17 जुलाई से 21 अग्रस्त के दरम्यान उससे कई बार निवेश कराया गया. कुल मिला कर उसने 45,47,406 रुपये का निवेश किया. जब ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत की फिर साइबर थाने में मामले की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. छापेमारी अभियान में साइबर डीएसपी कनिष्क श्रीवास्तव, पुलिस अवर निरीक्षक शिव कुमार सुमन, रामकृष्ण, सिपाही अशोक कुमार,कमल किशोर, विपिन कुमार, रवि कुमार, तकनीकी टीम के धर्मेंद्र कुमार, नितिश कुमार शामिल थे. व्हाटसअप ग्रुप में 90 लोग फर्जी और 10 लोग होते हैं टारगेट शेयर ट्रेडिंग का सब्जबाग दिखा कर अच्छा मुनाफा देने की बात कहनेवाले साइबर फ्रॅाड अक्सर व्हाटसअप ग्रुप या टेलीग्रुप से फ्रॉड करते हैं. कहा जाता है कि आप हमारे ग्रुप में जुड़ कर अच्छे निवेश से संबंधित कई तरह की जानकारी ले सकते हैं. जब लोग ग्रुप में जुड़ जाते हैं तो वहां सौ में से 90 लोग फर्जी रहते हैं. ग्रुप में कई ऐसे साइबर बदमाश होते हैं जो यह कहते हैं उसने इतना रुपया निवेश किया और उसे इतना मुनाफा हो गया. इस तरह के मैसेज से जब लोग जाल में फंस जाते हैं. उससे कम पैसे निवेश कराया जाता है. फिर बाद में तरह तरह के हथकंडे अपना कर भारी भरकम रकम निवेश कराया जाता है.
bhagalpur news. रिटायर्ड दारोगा से 45 लाख साइबर ठगी करने के मामले में धनबाद से आरोपित गिरफ्तार
ब्लॉक ट्रेडिंग एवं आईपीओ के नाम पर कहलगांव के सेवानिवृत्त छोटा दारोगा (एएसआई) से 45 लाख रुपये ठगी करने के मामले में भागलपुर साइबर थाने की पुलिस ने झारखंड के धनबाद से एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है.
