‘तेल बचाओ, साइकिल अपनाओ’ के नारों से गूंजा नवगछिया, विश्व साइकिल दिवस पर निकली भव्य रैली
Copied link
Bhagalpur News : विश्व साइकिल दिवस पर नवगछिया में सैकड़ों युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली निकालकर स्वस्थ जीवन, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया. रैली में ‘युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ और ‘तेल बचाओ-साइकिल अपनाओ’ के नारे गूंजते रहे.
नवगछिया, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट
Bhagalpur News : विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा द्वारा मंगलवार को भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया. रैली का उद्देश्य लोगों को साइकिल के उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लिया.
फीता काटकर किया गया शुभारंभ
रैली का शुभारंभ बाल भारती विद्यालय, गौशाला रोड परिसर से हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन बाल भारती विद्यालय के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, शाखा अध्यक्ष चेतन कुमार मुनका, मंच के संरक्षक अभय प्रकाश मुनका, नरेश केडिया, प्रवीण केजरीवाल तथा पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.
साइकिल स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए जरूरी
इस अवसर पर अजय कुमार रुंगटा ने कहा कि साइकिल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है और पर्यावरण भी प्रदूषण मुक्त रहता है.
ईंधन बचत का भी दिया संदेश
संरक्षक नरेश केडिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से तेल की खपत कम करने और आयातित ईंधन पर निर्भरता घटाने की अपील की है. छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल सबसे बेहतर विकल्प है. वहीं पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा ने कहा कि जिंदगी और साइकिल दोनों में “चैन ” का होना जरूरी है.
नगर भ्रमण कर दिया जागरूकता का संदेश
साइकिल रैली बाल भारती विद्यालय से शुरू होकर महाराज जी चौक, हरियापट्टी, भगत मोहल्ला, नवगछिया स्टेशन परिसर, मालगोदाम, मारवाड़ी विवाह भवन और गरीबदास ठाकुरबाड़ी रोड होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची. पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवन, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत से जुड़े संदेश दिए.
स्वस्थ समाज और हरित भविष्य का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों के बीच ठंडा पानी, जूस और बिस्कुट का वितरण किया गया. शाखा अध्यक्ष चेतन कुमार मुनका ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया. इस दौरान सभी ने स्वस्थ समाज, स्वच्छ पर्यावरण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए अधिक से अधिक साइकिल उपयोग करने का संकल्प लिया.
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम को सफल बनाने में बाल भारती विद्यालय के संजय चिरानियां, शिक्षक पुरुषोत्तम जी, सौरभ गर्ग, ओम यादुका, गोविंद केडिया, कमल टिबड़ेवाल, संदीप चिरानियां, आनंद केडिया, पंकज टिबड़ेवाल, शंभू चिरानियां, विक्की केडिया, डॉ. बी.एल. चौधरी, राजेश कनोडिया, प्रो. विजय कुमार, भगवती पंसारी, कमलेश अग्रवाल और डॉ. आनंद विक्रम सहित अनेक लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.