विपक्ष की नहीं, विकास की है परवाह : तेजस्वी

भागलपुर : जनसंवाद कार्यक्रम में प्रमंडलीय दौरे पर पहली बार भागलपुर आये डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बुधवार को कहा कि उन्हें विपक्ष की नहीं, विकास की परवाह है. विपक्षी पार्टी एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि पुराने दौर से अभी तक वे उभरना नहीं चाहते हैं. चुनाव में छोटे मोदी(सुशील मोदी) से लेकर […]

भागलपुर : जनसंवाद कार्यक्रम में प्रमंडलीय दौरे पर पहली बार भागलपुर आये डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बुधवार को कहा कि उन्हें विपक्ष की नहीं, विकास की परवाह है. विपक्षी पार्टी एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि पुराने दौर से अभी तक वे उभरना नहीं चाहते हैं. चुनाव में छोटे मोदी(सुशील मोदी) से लेकर प्रधानमंत्री ने उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया. उनमें अभी तक सुधार नहीं आया है. हमेशा दूसरों की छवि बिगाड़ने में लगे रहते हैं. मैं अभी उनसे उलझना नहीं चाहता हूं. समय आने पर जवाब दूंगा.

पत्रकार वार्ता के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि अगर काम करते हैं तो फीडबैक लेना भी जरूरी है. प्रमंडलीय दौरे पर पार्टी वर्कर, जनता से मिल कर फीडबैक लूंगा. महागंठबंधन की सरकार का 10 माह पूरा होनेवाला है. जिस दिशा में काम चल रहा है, उससे राज्य का भविष्य बेहतर होगा.उन्होंने विपक्ष के नेता सुशील मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह हमेशा बड़े मियां-छोटे मियां कहते रहते हैं. जबकि वे खुद अफवाह मियां हैं. उनकी पार्टी कहती है कि बिहार में जंगलराज है. जबकि गृह मंत्रालय के क्राइम रिकाॅर्ड में राज्य का 22वां स्थान है. भाजपा शासित राज्य महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और दिल्ली, जहां गृह मंत्रालय के अंतर्गत पुलिस है, की स्थिति किसी से छुपी हुई नहीं है.
उन्होंने बताया कि बिहार बिजनेस के मामले में नवंबर वन है. उन्होंने कहा कि बीजेपी, आरएसएस के प्रदेश स्तरीय नेता उनके परिवार व पार्टी के खिलाफ सक्रिय रहते हैं. अभी काम करने का समय है, उन्हें जवाब चुनाव में जनता ने दे दिया है. आगे भी जनता जवाब देगी. उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले लोगों से जो वायदा किया था, वह सरकार बनने के बाद पूरा कर रहे हैं. इसमें शराबबंदी, महिला आरक्षण व सात निश्चय की बात शामिल है. उन्होंने कहा कि सात निश्चय की दो योजना (गली पक्कीकरण और हर घर जल) की शुरुआत हो गयी है. मौके पर श्रम संसाधन मंत्री विजय प्रकाश यादव, कला, संस्कृति व खेल मंत्री शिवचंद्र राम, बांका सांसद जयप्रकाश नारायण यादव, युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद बुलो मंडल, विधायक अजीत शर्मा, सुबोध राय, रामविलास पासवान, कटोरिया विधायक स्वीटी सीमा हेमब्रम आदि उपस्थित थे.
युवा यात्रा के दौरान नहीं आ सके भागलपुर
डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि भागलपुर में चुनावी सभा के दौरान आना हुआ था. युवा यात्रा के दौरान दो-दो बार कार्यक्रम बना, लेकिन वह नहीं आ सके. काफी दिनों से पार्टी स्तर पर यहां आना लंबित था. प्रमंडलीय दौरे में भागलपुर दौरे पर आया हूं और यहां की जनता से सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी लेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >