भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट : भागलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के परिचालन को और बेहतर बनाने व रैक हैंडलिंग की क्षमता बढ़ाने के लिए रेलवे एक बड़ी योजना पर काम कर रहा है. रेलवे गुमटी नंबर 1 से 3 तक 600 मीटर के दायरे में डबल लाइन बिछाने का काम पहले से ही तेजी से चल रहा है. अब इसके आगे, गुमटी नंबर 3 से और 600 मीटर आगे तक रेलवे की खाली जमीन पर दो नयी लाइनें बिछाने की तैयारी है.
भागलपुर स्टेशन के अफसरों को जिम्मेदारी
मुख्यालय और डिवीजन से हरी झंडी मिलने के बाद भागलपुर रेलवे स्टेशन के संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को इस काम की जिम्मेदारी सौंप दी गयी है. इस नयी लाइन के निर्माण के बाद इस पूरे ट्रैक की लंबाई बढ़कर 1200 मीटर हो जायेगी. योजना को धरातल पर उतारने के लिए एक से दो दिनों के भीतर सर्वे का काम शुरू कर दिया जायेगा.अतिक्रमण हटेगा, फिर से कब्जा रोकने के लिए होगी फेंसिंग
जिस 600 मीटर के नये हिस्से में पटरी बिछायी जानी है, वहां से अतिक्रमण हटाया जायेगा, ताकि काम में कोई बाधा न आये. इसके साथ ही, भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए रेलवे इस पूरे इलाके में फेंसिंग (घेराबंदी) का काम भी करेगा. आईओडब्ल्यू ओपी भगत ने बताया कि गुमटी नंबर 3 से आगे खाली पड़ी रेलवे की जमीन पर ही इस योजना के तहत पटरी बिछाने का काम किया जायेगा.
