भागलपुर स्टेशन पर अष्टधातु की 1590 ग्राम मूर्ति के साथ वाराणसी के दो तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने अष्टधातु की 1590 ग्राम वजनी मूर्ति के साथ वाराणसी के दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपियों ने मंदिरों से चोरी की गई मूर्तियों की खरीद-बिक्री का धंधा कबूल किया है.

भागलपुर. भागलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार से जीआरपी ने अष्टधातु की 1590 ग्राम वजनी मूर्ति के साथ वाराणसी के दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों की गिरफ्तारी गुरुवार शाम करीब 6:45 बजे स्टेशन पर चल रही चेकिंग के दौरान हुई. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धरमवीर सिंह और दीपक कुमार के रूप में हुई है. दोनों वाराणसी के रहने वाले बताये गये हैं.

संदिग्ध युवकों की तलाशी में बैग से मिली मूर्ति

जीआरपी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नसीम अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम स्टेशन पर जांच कर रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या चार स्थित एक फूड स्टॉल के चबूतरे के पास दो संदिग्ध युवक मिले. पुलिस ने दोनों की तलाशी ली.

तलाशी के दौरान धरमवीर सिंह के बैग से सिंदूर लगी पीले रंग की धातु की मूर्ति बरामद हुई. वजन कराने पर मूर्ति का वजन 1590 ग्राम पाया गया. पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है.

फॉरेंसिक टीम ने की मूर्ति की धातु की जांच

मूर्ति की धातु की पुष्टि और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया. टीम ने मूर्ति की जांच की. पुलिस मूर्ति के संबंध में अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है.

मंदिरों से चोरी की मूर्तियों की खरीद-बिक्री का बताया धंधा

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपितों ने मंदिरों से चोरी की गयी कीमती अष्टधातु की मूर्तियों की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है. आरोपितों ने बताया कि उन्होंने यह मूर्ति गुवाहाटी के कोलगाछी बस स्टैंड से राजू और सुनील नामक व्यक्तियों से खरीदी थी.

दोनों ने पुलिस को यह भी बताया कि इससे पहले भी वे उक्त लोगों से मंदिरों से चोरी की गयी मूर्तियां खरीदकर आगे बेच चुके हैं. पुलिस अब इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

गुवाहाटी से भागलपुर तक कनेक्शन की जांच

मूर्ति बरामद होने के बाद जीआरपी यह पता लगाने में जुटी है कि मूर्ति मूल रूप से कहां से चोरी की गयी थी और इसे किसे बेचने के लिए ले जाया जा रहा था. पुलिस गुवाहाटी के कोलगाछी बस स्टैंड से जुड़े राजू और सुनील की भूमिका की भी जांच कर रही है.

प्राथमिकी दर्ज, विस्तृत जांच जारी

जीआरपी ने दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. बरामद मूर्ति की विस्तृत जांच करायी जा रही है. गिरफ्तारी की सूचना दोनों आरोपितों के परिजनों को भी दे दी गयी है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई के साथ मूर्ति की वास्तविक उत्पत्ति और कथित तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललित किशोर मिश्र

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >