जमुई से अपहरण कर तीन दिनों से खंजरपुर के श्रीराम अपार्टमेंट में अपराधियों ने छिपाया था
जोगसर थाना पहुंचे अपहृत के पिता ने बतायी कहानी, जिसके बाद अपार्टमेंट पहुंची पुलिस
भागलपुर : भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र स्थित एसएम कॉलेज के पास श्रीराम अपार्टमेंट सोमवार देर शाम रणक्षेत्र बन गया. पुलिस पर एक के बाद एक तीन राउंड फायरिंग करने के बाद अपराधी भागने लगे. फायरिंग थमते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला और सर्च ऑपरेशन चलाकर अपार्टमेंट से चार अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर जमुई के अपहृत युवक को बरामद कर लिया.
इसके बाद अिभयुक्त के निशानदेही पर चार अन्य अिभयुक्त की िगरफ्तारी हुई.फायरिंग की आवाज सुनते ही अपार्टमेंट में रह रहे छात्र और आसपास के मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गयी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी. पुलिस अपराधियों और बरामद अपहृत को लेकर जोगसर थाना पहुंची. जोगसर में पूछताछ के क्रम में वारदात में शामिल अन्य चार अभियुक्तों की भी निशानदेही मिली. जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर घटना तीन घंटे के भीतर चार अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया.
जहां एसएसपी, सिटी एसपी, सिटी डीएसपी सहित कई थानों की पुलिस जोगसर थाना पहुंचकर मामले की जांच में जुट गये. इधर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में बरारी, तिलकामांझी और जीरोमाइल पुलिस दोबारा अपार्टमेंट में छापेमारी में जुट गयी. हालांकि पुलिस तीन राउंड फायरिंग होने की बात से इंकार कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल पर हुई पूछताछ और पुलिस पार्टी से मिली जानकारी में एक ही गोली चलने की बात सामने आयी है.
जमुई के सिंकदरा का रहनेवाला है युवक
सोमवार शाम करीब पांच बजे जमुई जिला के सिकंदरा स्थित झिझौरी के रहने वाले किशोर मंडल अपने बेटे अभिमन्यु कुमार के अपहरण की शिकायत लेकर जोगसर थाना पहुंचे थे. जोगसर थाना पहुंच उन्होंने थाना के जेएसआइ बबलू कुमार पंडित सहित अन्य पदाधिकारियों को बताया कि भागलपुर और आसपास के रहनेवाले कुछ अपराधियों ने फिरौती के लिए उनके बेटे अभिमन्यु का अपहरण कर लिया है. और उसे खंजरपुर स्थित एसएम कॉलेज के समीप श्रीराम अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 403 में रखा है.
पुलिस ने अपार्टमेंट को घेरा
सूचना पाकर जेएसआइ बबलू पंडित सहित थाना के दो-तीन पदाधिकारी और करीब एक दर्जन जवानों ने शाम करीब साढ़े पांच बजे श्रीराम अपार्टमेंट को घेर लिया. कुछ जवानों को अपार्टमेंट परिसर में रुकने की बात कहकर जेएसआइ पदाधिकारियों को लेकर अपार्टमेंट के भीतर चले गये. जहां अपहर्ताओं को चिल्ला कर सरेंडर करने की चेतावनी देते हुए ऊपर जाने लगे. जैसे ही पदाधिकारी और जवान दो तल से तीसरे तल पर चढ़ने लगे तभी अपराधियों ने तीसरे तल से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों ने पहली फायरिंग पुलिस पर की. फिर दूसरी और तीसरी फायरिंग इधर-उधर कर पूरे अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मचा दी. इसका फायदा उठाकर अपराधी दूसरे कमरों में छिप गये.
खदेड़ कर तीन लोगों को पकड़ा
फायरिंग थमते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला और अपराधियों को खदेड़ कर तीन लोगों को पकड़ लिया. इसके बाद चौथे तल पर मौजूद फ्लैट संख्या 403 में पहुंचे, जहां अपराधियों ने अपहृत युवक अभिमन्यु को छिपा कर रखा था. अपहृत की बरामदगी और अपहर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें लेकर जोगसर थाना चली गयी. इधर अपार्टमेंट में रह रहे छात्रों और स्टाफ ने मिलकर फ्लैट संख्या 206 में छिपे एक अपराधी को कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद इस बात की सूचना बरारी पुलिस को दी. जोगसर पुलिस के निकलने के कुछ मिनट बाद ही दलबल के साथ पहुंचे बरारी थानाध्यक्ष ने 206 में बंद किये एक अपराधी को पकड़ लिया. और उसे भी लेकर जोगसर थाना चले गये.
